कर्जमुक्ति योजना: कर्जमुक्ति योजना की दूसरी सूची में जिले के 9,493 किसान लाभान्वित, पहली सूची में 15,876 किसानों के खातों में जमा हुए 164.62 करोड़ रुपये

कर्जमुक्ति योजना की दूसरी सूची में जिले के 9,493 किसान लाभान्वित, पहली सूची में 15,876 किसानों के खातों में जमा हुए 164.62 करोड़ रुपये
  • राज्य में 3.55 लाख किसान दूसरी सूची में
  • आपले सरकार सेवा केंद्र पर कराएं आधार प्रमाणीकरण
  • पहली सूची में 15,876 किसानों को मिला लाभ

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026 के तहत पात्र लाभार्थियों की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में नागपुर जिले के 9,493 किसान शामिल हैं। यह जानकारी जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) पंकज वानखेड़े ने दी।

दूसरी सूची में जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के 128 तथा राष्ट्रीयकृत बैंकों के 9,365 किसान सदस्य शामिल हैं। योजना के तहत 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच वितरित फसल ऋण तथा पुनर्गठित ऋण पर 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का लाभ दिया जाएगा। 30 सितंबर 2025 तक बकाया और 31 मार्च 2026 तक भुगतान नहीं किए गए पात्र कर्ज भी योजना में शामिल किए गए हैं।

राज्य में 3.55 लाख किसान दूसरी सूची में

महाआईटी द्वारा तैयार योजना पोर्टल पर बकाया कर्ज खातों की जानकारी अपलोड की गई है। संकलित जानकारी के अनुसार, राज्य में 16 लाख 96 हजार पात्र लाभार्थियों की पहली सूची 24 जुलाई को जारी हुई थी। इनमें आधार प्रमाणीकरण पूरा करने वाले 12 लाख 58 हजार किसानों के खातों में 10,115 करोड़ रुपये की कर्जमुक्ति राशि जमा की गई है।

दूसरी सूची में नागपुर सहित राज्य के 3 लाख 55 हजार किसानों को आधार प्रमाणीकरण के लिए शामिल किया गया है। इसमें नागपुर जिले के 9,493 किसान पात्र हैं। पात्र किसानों की सूची संबंधित बैंक शाखाओं, विकास संस्थाओं और ग्राम पंचायतों में प्रकाशित की जाएगी।

आपले सरकार सेवा केंद्र पर कराएं आधार प्रमाणीकरण

दूसरी सूची में शामिल किसानों से अपने बकाया कर्ज की जानकारी सत्यापित करने और आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील की गई है। किसान निकटतम आपले सरकार सेवा केंद्र पर जाकर आधार प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इसके बाद पात्र किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ दिया जाएगा। 1 अप्रैल के बाद का ब्याज और अन्य खर्च भी माफ किए जाएंगे।

यदि 31 मार्च तक राष्ट्रीयकृत और वाणिज्यिक बैंकों के किसी किसान का बकाया कर्ज 2 लाख रुपये से अधिक है, तो भी सरकार की ‘हेयर कट’ नीति के अनुसार संबंधित कर्ज खाते का निपटारा किया जाएगा।

पहली सूची में 15,876 किसानों को मिला लाभ

नागपुर जिले की पहली सूची में 23,984 पात्र किसान शामिल थे। इनमें से 18,741 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण कराया। आधार प्रमाणीकरण पूरा करने वाले किसानों में से 15,876 किसानों के कर्ज खातों में 164.62 करोड़ रुपये की कर्जमुक्ति राशि जमा की जा चुकी है

Created On :   13 Sept 2026 8:48 PM IST

Tags

Next Story