- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर...
Gadchiiroli News: नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा

Gadchiroli News कोरची पुलिस थाना अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। जहां प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके मित्रों के साथ मिलकर पति की गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी। वहीं इस घटना को छुपाने के लिए पति का शव बोगाटोला जंगल परिसर में दफना दिया।
पुलिस को जब जंगल परिसर में व्यक्ति का शव मिला, तब पुलिस ने जांच चक्र चलाते हुए तकरीबन 72 घंटे में इस मामले की गुत्थी सुलझा ली। कोरची पुलिस और गड़चिरोली के स्थानीय अपराध शाखा ने इस मामले में बुधवार, 4 फरवरी को आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और अन्य 3 ऐसे 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के डोंगरगढ़ तहसील के जठकन्हार निवासी जितु कंवर (30) का कुछ दिन पूर्व सोनाली जितु कंवर (25) के साथ विवाह हुआ था। लेकिन कुरखेड़ा तहसील के जांभुलखेड़ा निवासी शानू पठान के साथ सोनाली के प्रेम संबंध होने की जानकारी जितु को मिली थी। इस कारण पति-पत्नी में हर समय विवाद होते थे।
इस बीच रोजगार की तलाश में कोरची तहसील के ग्राम खुर्शीपार पहुंची सोनाली ने पति जितु को भी खुर्शीपार बुला लिया। गत 20 जनवरी को जितु और सोनाली अपने गृहग्राम जठकन्हार की ओर रवाना हुए। इसी दौरान सोनाली ने अपने प्रेमी शानू को इसकी जानकारी दी। तय साजिश के तहत दोपहिया रोकने के बहाने सोनाली ने बोगाटोला जंगल परिसर में पति को वाहन रोकने को कहा। इसी दौरान शानू और उसके तीनों मित्रों ने पहुंचकर जितु को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। इस बीच एक तीक्ष्ण हथियार से जितु का गला रेतकर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी। इस मामले को दबाने के लिए जितु का शव इसी जंगल परिसर में दफना दिया।
कुछ दिन बाद इस परिसर से गुजरने वाले लोगों को गंदी बदबू आने से उन्होंने जंगल परिसर में जाकर देखने पर एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव दिखायी दिया। पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस ने 31 जनवरी को घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना किया। मामले में सोमवार, 2 फरवरी को मर्ग दाखिल कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अपराध शाखा को भी जांच के आदेश दिए। इस बीच गुप्त सूचना और की गयी पूछताछ से यह हत्या पत्नी, उसके प्रेमी और अन्य तीन लोगों द्वारा किये जाने का स्पष्ट हुआ जिसके कारण पुलिस ने बुधवार, 4 फरवरी को इस मामले में पत्नी सोनाली कंवर, उसके प्रेमी शानू पठान और जांभुलखेड़ा निवासी पुंकेश बोरकर, चंद्रशेखर गुज्जेवार, धनपाल मडावी को धर दबोचा। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 103 (1), 238 बीएनएस 2023 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र ठाकरे कर रहे हैं।
Created On :   5 Feb 2026 4:36 PM IST














