Gadchiroli News: अगरबत्ती प्रकल्प के नाम पर महिलाओं से करोड़ों की ठगी

अगरबत्ती प्रकल्प के नाम पर महिलाओं से करोड़ों की ठगी
न्याय न मिलने पर महिलाओं ने दी अनशन की चेतावनी

Gadchiroli News चामोर्शी में अगरबत्ती प्रकल्प शुरू कर रोजगार देने के नाम पर महिलाओं के साथ करोड़ों रुपए की ठगी का आरोप स्वयं चामोर्शी की महिलाओं ने लगाया है। इस मामले में ठगबाज चामोर्शी के पार्षद आशीष पिपरे और उनकी पत्नी पार्षद सोनाली आशीष पिपरे के खिलाफ कानूनन कार्रवाई कर न्याय न मिलने पर बेमियादी अनशन शुरू करने की चेतावनी संबंधित महिलाओं ने सोमवार को एक पत्र परिषद के दौरान दी है।

पीड़ित महिलाओं ने पत्रकारों को बताया कि, वर्ष 2020 में चामोर्शी में प्रधानमंत्री स्वयंरोजगार योजना के तहत अगरबत्ती निर्मिती का प्रकल्प शुरू कर 40 महिलाओं को रोजगार देने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक से कर्ज उठाया गया। बैंक से मिलीभगत कर पार्षद आशीष पिपरे और उनकी पत्नी सोनाली पिपरे ने सभी महिलाओं के नाम पर 2-2 लाख रुपए का कर्ज मंजूर करवाया।

मात्र कर्ज की इस रकम से किसी भी महिला को अगरबत्ती की मशीन उपलब्ध नहीं करायी गयी जिस समय महिलाओं ने मशीन के संदर्भ में पार्षद दंपति से पूछताछ की तो उन्होंने बैंक का कर्ज उन्हें अदा करना होगा, ऐसी जानकारी देकर टालमटोल जवाब देना शुरू किया। इस मामले की कड़ी जांच कर करोड़ों रुपए ठगने वाले पार्षद दंपति के खिलाफ कानूनन कार्रवाई कर न्याय दें। ऐसी मांग पत्र परिषद में महिलाओं ने की है। ऐसा न करने पर अागामी 23 फरवरी से जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष बेमियादी अनशन शुरू करने की चेतावनी महिलाओं ने दी है। पत्र परिषद में कविता किरमे, मिनाक्षी पिपरे, देवांगना नैताम, निवृत्ता गव्हारे, शीला धोडरे, कविता कारडे, सुषमा धोडरे, रेखा गव्हारे, छाया बोदलकर, मेनू धोडरे, अनिता पिपरे, मनीषा गव्हारे, सुषमा बुरांडे समेत अन्य महिलाएं उपस्थित थी।


Created On :   10 Feb 2026 4:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story