- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- दलदल में तब्दील हुआ नेशनल हाइवे,...
Gadchiroli News: दलदल में तब्दील हुआ नेशनल हाइवे, बंद रहेगी भारी वाहनों की आवाजाही

Gadchiroli News 109 किमी के आलापल्ली-सिरोंचा राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 353-सी की बारिश के चलते लगातार खराब हो रही स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने एक अहम फैसला लिया है। इस महामार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों की यातायात आगामी 31 अक्टूबर तक बंद करने के आदेश जारी किए है। इस कालावधि में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए है। वहीं इस कालावधि में अपातकालीन सेवा में शामिल वाहनों की आवाजाही बनी रहेगी।
पिछले चार वर्षों से आलापल्ली-सिरोंचा एनएच का निर्माणकार्य जारी है। मात्र अब तक इस सड़क का निर्माणकार्य पूर्ण नहीं हो पाया है जिसके चलते हर वर्ष बारिश के दिनों में इस महामार्ग पर जाम की स्थिति निर्माण हो जाती है। इस वर्ष भी यह सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गयी है। इस परिस्थिति के चलते घंटों तक वाहनों के फंसे रहने से बस में सवार यात्रियों के साथ एम्बुलेंस के मरीजों को असुविधा होने लगी है। इस महामार्ग के अनेक स्थानों पर पुल के निर्माणकार्य किए जा रहे हैं।
इस निर्माणकार्य के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी सड़क बनाई गई है। लेकिन बारिश के चलते कई स्थानों पर अस्थायी सड़कें भी पूरी तरह बह गयी है। फलस्वरूप यह राष्ट्रीय महामार्ग परेशानी का सबब बनने लगा है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का दौर भी अब बढ़ने लगा है। इसी कारण जिलाधिकारी पंडा ने आगामी 31 अक्टूबर तक इस महामार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। भारी वाहनों द्वारा सिरोंचा-मंचेरियाल-राजुरा-बल्लारशाह-चंद्रपुर-गड़चिरोली और आलापल्ली-आष्टी-बल्लारपुर-मंचेरियाल मार्ग का उपयोग करने के आदेश भी जारी किए गए हंै। इस अादेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   8 July 2026 2:06 PM IST















