Gadchiroli News: एक ओर बारिश से सैलाब, दूसरी ओर बूंद-बूंद पेयजल को तरस रहा गांव!

  • बेजुरपल्ली में हैंडपंप उगल रहा दूषित पानी
  • नाले का पानी पीने पर विवश ग्रामीण

Gadchiroli News जहां एक ओर पूरे महाराष्ट्र में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर रखा है और मुंबई सहित कई शहर जलभराव से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गड़चिरोली जिले के एक गांव में आज भी पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए लोगांे को संघर्ष करना पड़ रहा है। सिरोंचा तहसील के बेजुरपल्ली गांव में हैंडपंपों से दूषित पानी निकलने के कारण ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को कई किलोमीटर दूर नाले से पानी लाना पड़ रहा है। मजबूरी में यही दूषित पानी पीने से लोगों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां भी फैलने लगी है। लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी खामोश है।

प्रशासन की उदासीनता ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया है और वे अब समस्या के निवारण की मांग कर रहे हैं। नदियों की तहसील के रूप में सिरोंचा परिचित है। चाराें ओर से नदियों से घीरी होने के कारण समूचे जिले में सिरोंचा को सुजलाम् -सुफलाम् तहसील के रूप में पहचाना जाता है। लेकिन इन दिनों पर ग्रामवासियों के लिए आवश्यक संख्या में जलापूर्ति योजना क्रियान्वित नहीं करने से वर्षों से नागरिकों को जलसंकट का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर ग्रीष्मकाल के दौरान जलस्तर घटने से जल समस्या उग्र रूप धारण करती है। लेकिन वर्तमान में बारिश के दिन शुरू होने क बाद भी बेजुरपल्ली गांव के नागरिकों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

पंचायत समिति के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर गांव में हैन्ड़पंप की व्यवस्था की गयी है। लेकिन हैंडपंप से दूषित पानी निकलने के कारण अब ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए नाले की ओर रुख करना पड़ रहा है। बारिश के दिन शुरू होने से विभिन्न नदियांे का जलस्तर बढ़ने के कारण नाले का पानी भी दूषित होने लगा है। मात्र इसी पानी से लोगों को प्यास बुझानी पड़ रही है। दूषित जलसमस्या को लेकर ग्रामवासियों द्वारा कई बार ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और तहसील प्रशासन का ध्यानाकर्षण किया गया। लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर बेध्यानी करने का आरोप बेजुरपल्ली के नागरिकों ने लगाया है। समस्या का जल्द निवारण न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी अब ग्रामवासियों ने दी है।

Created On :   7 July 2026 2:50 PM IST

Tags

Next Story