Gadchiroli News: जहां कभी सुनाई देती थीं गोलियों की गूंज, वहां अब सड़कों पर दौड़ेगा विकास

जहां कभी सुनाई देती थीं गोलियों की गूंज, वहां अब सड़कों पर दौड़ेगा विकास
  • नक्सल गढ़ में बनेगी 47.24 कि.मी. की 16 पक्की सड़कें
  • 57.18 करोड़ की निधि मंजूर

Gadchiroli News कभी नक्सलियों की दहशत के कारण जहां विकास कार्य करना बड़ी चुनौती मानी जाती थी, वहां अब विकास की नई राह खुलने जा रही है। गड़चिरोली जिले में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद सुदूर और अतिदुर्गम क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब इन इलाकों तक पक्की सड़कों का जाल बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के दुर्गम क्षेत्रों में कुल 16 सड़कों के निर्माण को प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 47.24 किलोमीटर होगी, जिसके लिए 57 करोड़ 18 लाख रुपए की निधि मंजूर की गई है।

यह सड़कें मुख्य रूप से भामरागढ़, धानोरा और एटापल्ली तहसील के दुर्गम एवं अतिदुर्गम गांवों में बनाई जाएगी। कभी सुरक्षा कारणों से जहां विकास योजनाओं को गति देना मुश्किल था, वहां अब सामान्य नागरिकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। स्थानीय नागरिकों के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य सरकारी सुविधाओं की पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

मंजूर की गयी सड़कों में भामरागढ़ तहसील की 3.05 किमी की गांेगवाड़ा-पारायणार सड़क, 3.2 किमी की पद्मपल्ली-बोरिया सड़क, 2.5 किमी की लष्कर-गोपनार सड़क, 4.15 किमी की जिंजगांव-गोरनूर सड़क, 1.71 किमी की मलपोडूर-भुसेवाड़ा सड़क और 2.5 किमी की पिडमिली-पढूर सड़क का समावेश है। वहीं धानोरा तहसील में 2.98 किमी की बोधनखेड़ा सड़क, 8.97 किमी की तुमड़ीकसा-गुरेकसा सड़क, 2.3 किमी की हिपानेर सड़क, 4.51 किमी की कोसमी-बंधूर सड़क का निर्माणकार्य शामिल है। वहीं एटापल्ली की 2.5 किमी की परसलगोंदी-गट्टा सड़क, 1.58 किमी की पुसूकपल्ली-पामजीगुड़ा सड़क, 2.5 किमी की दोलंदा-चेन्नाबोड़ी सड़क, 1 किमी की देवपाड़ी सड़क, 2.7 किमी की हाचबोडी सड़क और 1 किमी लंबी मोरवाही से मलनगट्टा सड़क का समावेश है। दहशत के दौर से विकास के सफर तक गड़चिरोली की बदलती तस्वीर में यह सड़कें एक नई और मजबूत कड़ी साबित हो सकती है।


Created On :   8 Sept 2026 2:07 PM IST

Tags

Next Story