- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- मोटरसाइकिल चोरों के अंतरराज्यीय...
Gondia News: मोटरसाइकिल चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

Gondia News स्थानीय अपराध शाखा पुलिस गोंदिया की टीम ने मोटरसाईकिल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों से चोरी की 5 वारदातों में चुराई गई 2 लाख 17 हजार रुपए मूल्य की 5 मोटरसाइकिले बरामद की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2026 को दासगांव निवासी फरियादी सुखदेव कडु खरे ने रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 जुलाई की रात्रि के दौरान उसके घर के पोर्च में रखी होंडा साईन मोटरसाइकिल कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। इस संबंध में रावणवाड़ी पुलिस ने अपराध क्र. 356/2026 बीएनस की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा पुलिस की टीम पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में संपूर्ण जिले में इस तरह की घटनाओं की समांतर जांच में लगी हुई थी।
16 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान एलसीबी की टीम को मुखबीर से जानकारी मिली कि ग्राम फुटारा जिला बालाघाट मध्यप्रदेश निवासी वरुण जागेश खुडसाम (21), शिवनघाट निवासी निखिल संुदरलाल रहांगडाले (20) एवं बल्लारपुर जिला बालाघाट निवासी नयन भानुप्रसाद ठाकरे (19) ने मिलकर गोंदिया जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
जानकारी मिलते ही एलसीबी की टीम ने जाल बिछाकर ग्राम फुटारा से वरुण खुडसाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने ग्राम दासगांव, रतनारा, दवनीवाड़ा, धामनेवाड़ा, गोरेगांव से कुल 5 दोपहिया नयन ठाकरे एवं निखिल रहांगडाले के साथ मिलकर चुराने की बात कबूल कर ली। आरोपी वरुण खुडसाम एवं नयन ठाकरे के कब्जे से गोंदिया जिले के अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों से चुराई गई 5 दोपहिया जब्त की गई। जब्त की गई दोपहिया की कीमत 2 लाख 17 हजार 500 रुपए आकी गई है। एलसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को जब्त किए गए माल के साथ आगे की कार्रवाई के लिए रावणवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया है। आगे की जांच रावणवाड़ी पुलिस कर रही है।
Created On :   18 Sept 2026 3:17 PM IST















