गोंदिया: भरनोली परिसर में जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात

भरनोली परिसर में जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात
  • अर्जुनी मोरगांव में धान फसल का भारी नुकसान
  • जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात

डिजिटल डेस्क, अर्जुनी मोरगांव (गोंदिया) जिले में फिर से 6 माह के बाद हाथियों का झुंड घुस आया है। पहले ही बेमौसम बारिश से किसानों में हाथ में आई फसल नष्ट हो गई है। अब बची-कुची फसलों को भी हाथियों के झुंड द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बताया गया है कि 9, 10 दिसंबर की रात को अर्जुनी मोरगांव तहसील के भरनोली क्षेत्र में हाथियों का झुंड पहुंच चुका है। इस झुंड ने धान के ढेरों को तहस-नहस कर दिया है। जिससे फिर से किसान चिंता में आ गए है। बता दें कि 2022 में गड़चिरोली जिले की सीमा लांघकर गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील में हाथियों के झुंड ने एंट्री की थी। दीपावली के एक दिन पूर्व ही गोंदिया-गड़चिरोली जिले की सीमा पर बसे नागनडोह बस्ती को उजाड़ दिया था। वहीं नवेगांव राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया था। हाथियों के हमले में एक किसान की भी मौत हो चुकी थी। लगभग एक करोड़ से अधिक का नुकसान किसान सहित शासन को पहुंचाया गया था। जिसके बाद हाथियों का झुंड गड़चिरोली की ओर चला गया था। लेकिन फिर से 9 अौर 10 दिसंबर की रात के दौरान गड़चिरोली जिले से गोंदिया जिले की सीमा में हाथियों का झुंड लौट आया है।

किसानों को सतर्कता बरतने का आह्वान

जिले में हाथियों का झुंड पहुंचने से वन विभाग ने किसानों तथा आम जनता से आह्वान किया है कि हाथियों से सुरक्षित रहने के लिए सतर्कता बरतें। हाथियों के साथ कोई छेड़खानी या उस मार्ग से न जाए। इस तरह की विनती भी अर्जुनी मोरगांव वन परिक्षेत्र द्वारा की गई है।

Created On :   12 Dec 2023 12:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story