- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- खंभे की आड़ में सड़क पर सज गई कपड़े...
Jabalpur News: खंभे की आड़ में सड़क पर सज गई कपड़े की दुकान, चारों तरफ अवैध कब्जों का जाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके सिविक सेंटर में अतिक्रमणों और अवैध पार्किंग को लेकर प्रशासन की कार्रवाई महज दिखावा बनकर रह गई है। यहां खुली मनमानी चल रही है। सुबह अतिक्रमण हटते भी हैं तो शाम को फिर से जमा लिए जाते हैं, जो नगर निगम के अमले की सक्रियता पर सवाल भी खड़ करते हैं। मनमानी के चलते यहां हर तरफ हालात आराजक बने हुए हैं।
अतिक्रमणकारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि प्रेस कॉम्प्लेक्स के ठीक सामने वाले मोड़ पर बिजली के खंभे की आड़ में करीब 20 फीट के लेफ्ट टर्न पर कपड़ों की दुकान सजा ली गई है। ठेले पर नीले रंग की तिरपाल तानकर जींस और कपड़ों के ढेर लगाए गए हैं, जिससे आधी सड़क घिर गई है। दुकान के कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं। लोगों का कहना है कि यहां सड़क को प्लेन किया जाना चाहिए ताकि लेफ्ट टर्न के रूप में इसका समुचित इस्तेमाल हो सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सिविक सेंटर से जहांगीराबाद मॉडल रोड की तरफ मुड़ते ही बाईं ओर सड़क पर जो बिजली का पोल लगा हुआ है। उसे दशकों बाद भी हटाया नहीं गया। इसके लेफ्ट टर्न की सड़क भी नीचे है, उसे छोड़ दिया गया है। अतिक्रमणकारी पोल की आड़ लेकर सड़क के किनारे ही अवैध कब्जा कर रहे हैं।
इससे बार-बार जाम के हालात बनते हैं। लोगों का कहना है कि ये रोज का किस्सा है। जब तक कार्रवाई जारी रहती है, तब तक ही व्यवस्था ठीक रहती है, लेकिन कार्रवाई के बाद मॉनिटरिंग नहीं होने से कुछ ही घंटों में फिर से बेतरतीब पार्किंग और अवैध कब्जों का दौर शुरू हो जाता है। सिविक सेंटर में फुटपाथ पहले ही दुकानों के सामान से घिरे हैं, अब सड़क पर भी ठेले और टपरों ने कब्जा कर लिया है।
स्थाई समाधान की मांग
नागरिकों ने नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए स्थाई समाधान निकाला जाए। अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ माॅनिटरिंग भी की जाए, ताकि सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रह सकें और जाम से राहत मिल सके।
रेड जोन के बोर्ड के नीचे ही अतिक्रमण
सिविक सेंटर के हालात ये हैं कि यहां नगर निगम के आदेशों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जहां नगर निगम ने रेड जोन का बोर्ड लगाया है, ठीक उसी बोर्ड के नीचे जूते-चप्पलों का बाजार सजा दिया गया है। पीले और नीले तिरपाल के नीचे सड़क और फुटपाथ पर अवैध दुकान लगाकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि अतिक्रमणकारियों को प्रशासन और उसके आदेश का कोई डर नहीं है।
चारों ओर एक जैसे हालात
लोगों का कहना है कि सिविक सेंटर में हर तरफ एक जैसे हालात हैं। यहां फुटपाथों और सड़कों के किनारे फूड स्टॉल और खाद्य सामग्रियों के ठेले-खोमचे सजे रहते हैं। इतना ही नहीं सड़क पर तरह-तरह की सामग्री बेचने वालों का कब्जा रहता है, जिससे यहां लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल है। शाम ढलते ही समस्या और गंभीर हो जाती है। अतिक्रमणों के कारण हर तरफ जाम के हालात बनने लगते हैं। सड़क पर वाहनों की पार्किंग और अवैध कब्जों के कारण राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इसके बाद भी कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
नगर निगम और यातायात विभाग संयुक्त रूप से सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। अवैध रूप से पार्क किए जा रहे वाहनांे को जब्त कर चालान भी किए जा रहे हैं।
-संतोष कुमार शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात
Created On :   9 Sept 2026 6:55 PM IST












