Jabalpur News: सर्वे में खुली स्कूल की पोल, तीन कक्षाओं को एक ही कमरे में पढ़ा रही थी शिक्षिका

सर्वे में खुली स्कूल की पोल, तीन कक्षाओं को एक ही कमरे में पढ़ा रही थी शिक्षिका
एक टीचर मातृत्व अवकाश पर दूसरे साक्षरता अभियान में व्यस्त, अब उन्हें 4 दिन स्कूल में आने के आदेश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पिछले दिनों एसडीएम ने नुनसर के सरकारी स्कूल का दौरा किया तो वहां एक शिक्षिका 3 कक्षाओं के विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठा कर पढ़ाई करवा रही थीं। एसडीएम ने जब जानकारी ली तो पता चला कि स्कूल में 3 शिक्षक हैं लेकिन एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर हैं और दूसरे शिक्षक की तैनाती साक्षरता अभियान में है। ऐसे में सम्बंधितों को फटकार लगाई गई और अब जाकर साक्षरता अभियान में जुटे शिक्षक को निर्देश जारी हुए हैं कि वे सप्ताह में केवल 2 दिन साक्षरता के कार्य में रहेंगे बाकी के 4 दिन स्कूल में हाजिर होंगे।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला उजरोड नुनसर पाटन का निरीक्षण किया गया था। शिक्षकों की कमी पर जब प्रश्न किया गया तो पता चला कि यहां कई महीनों से ऐसा ही चल रहा है।

इसकी वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत की गई और इसके बाद भास्कर गुप्ता प्राथमिक शिक्षक माध्यमिक शिक्षक के उच्च पद का प्रभार प्राप्त एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला उजरोड को पत्र द्वारा निर्देशित किया गया कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि साक्षरता मिशन से संबंधित कार्य एवं मूल शाला में शैक्षणिक दायित्व दोनों का समुचित रूप से निर्वहन हो तथा विद्यालयीन कार्य प्रभावित न हो।

इस संबंध में भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी अथवा संकुल प्राचार्य को प्राप्त होती है तो नियमानुसार की जाने वाली अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु स्वयं एवं संबंधित संस्था प्रभारी उत्तरदायी होंगे। यह निर्देश भी दिए गए कि शिक्षक केवल 2 दिन साक्षरता के कार्य में रहेंगे बाकी के 4 दिन स्कूल में पढ़ाई का जिम्मा संभालेंगे।

कई स्कूलों का यही हाल, शिक्षक गायब

बताया जाता है कि जिले के दर्जनों स्कूलों में शिक्षक गायब ही रहते हैं। वे किसी ने किसी कार्य से ओडी यानी की ऑफिस ड्यूटी की अनुमति ले लेते हैं और स्कूल जाते ही नहीं हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के साथ ही संयुक्त संचालक कार्यालय में भी कई शिक्षक ओडी लेकर ही कई महीनों से पदस्थ हैं। आखिर ये ओडी इतने दिनों की कैसे मिल रही है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म करने के निर्देश दिए हैं लेकिन कोई न कोई रास्ता निकालकर अटैचमेंट चल रहा है।

Created On :   9 Sept 2026 6:50 PM IST

Tags

Next Story