- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 50 से ज्यादा खंभों से केबल काटकर ले...
Jabalpur News: 50 से ज्यादा खंभों से केबल काटकर ले गए चोर, सप्लाई ठप पड़ने के बाद मचा हड़कम्प

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बिजली चोरी के वारदातों से हलाकान रहने वाले बिजली अधिकारियों के सामने नई टेंशन आई है। शहपुरा और चरगवां के बड़े इलाकों में कुछ चोरों ने खंभों पर लगे केबल ही चोरी कर डाले। एक दो नहीं बल्कि 50 से ज्यादा खंभों से तार को पार कर दिया गया, वह भी 11 केवी की हाई टेंशन लाइन। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब किसानों तक पहुंचने वाली सप्लाई बंद पड़ गई।
शहपुरा और चरगवां थाना क्षेत्र स्थित कृषि फीडरों पर चोरों ने निशाना साधा। चोर आधा सैकड़ा से ज्यादा खंभों की विद्युत लाइन रातों रात चोरी कर ले गए। विद्युत सप्लाई न होने से किसानों ने बिजली अधिकारियों को इसकी खबर की। सूचना मिलते ही मौके पर विद्युत अमला पहुंचा और मामले की रिपोर्ट शहपुरा व चरगवां थाना क्षेत्र में दर्ज कराई गई। वहीं चोरी से पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को लाखों की क्षति होना बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि शहपुरा क्षेत्र के ग्राम खिरकाखेड़ा में भमकी पंप फीडर के अंतर्गत लगे 19 पोल कृषि फीडर के लिए हैं। इनसे किसानों को दिन में बिजली सप्लाई दी जाती है। कृषि फीडर में दिन में सप्लाई चालू रहती है और रात में वर्तमान में बंद रहती है। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने इन पोलों से विद्युत लाइन को काट दिया। वहीं कुछ अन्य स्थानों से भी केबल को गायब कर दिया गया है।
ग्रामीण बोले- जल्दी आइए..खंभे भर बचे हैं
किसानों ने लाइनमैन को सूचना दी कि खंभे खड़े हैं पर उन पर विद्युत लाइन नहीं है। सूचना मिलते ही बिजली अमला मौके पर पहुंचा और मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई। इसी तरह चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम थाना में दो किलोमीटर विद्युत लाइन को चोरों ने निशाना बनाया।
यहां पर भी कृषि पंप के करीब 21 पोलों से लाइन को काटा गया है। यहां भी लाइन के कट होने के बाद बिजली अमला शाम के वक्त अलर्ट हुआ, जब किसानों ने शिकायत करनी शुरू की। वहीं संचालन एवं संधारण डिवीजन (ओएंडएम) की तरफ से भी बिजली के तार चोरी जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कबाड़ियों के निशाने पर बिजली के तार
बताया जाता है कि लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण चोरों के निशाने पर बिजली उपकरणों के साथ तारें भी हैं। बड़े स्तर पर कबाड़ियों के द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है, जो मौका पाकर उपकरणों को चोरी कर रहे हैं।
Created On :   9 Sept 2026 7:13 PM IST












