Jabalpur News: कांग्रेस पार्षदों ने वार्डों का दौरा कर जानी सफाई व्यवस्था की हकीकत

कांग्रेस पार्षदों ने वार्डों का दौरा कर जानी सफाई व्यवस्था की हकीकत
कहा तीन-तीन दिन नहीं आ रहीं कचरा गाड़ियां

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिलने पर नगर निगम अपनी उपलब्धि का जश्न मना रहा है, वहीं शहर के कई वार्डों में बदहाल सफाई व्यवस्था इस रैंकिंग पर सवाल खड़े कर रही है। ये आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्षद दल ने शुक्रवार को पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के लेमा गार्डन, राजीव आवास योजना, गाजी नगर एवं चितरंजन दास वार्ड के अहमदनगर क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानी। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और सचतेक अयोध्या तिवारी ने बताया कि कांग्रेस पार्षद दल की बैठक में हुए निर्णय के अनुसार उन्होंने शुक्रवार से कांग्रेस पार्षदों के साथ वार्डो का भ्रमण करना शुरू किया है।

वार्डो के निरीक्षण के दौरान जगह-जगह कचरे के ढेर लगे मिले और नालियों में कचरा भरा हुआ था। स्थानीय नागरिकों ने पार्षदों से शिकायत की कि घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियां तीन-तीन दिन तक वार्ड में नहीं पहुंच रही हैं, जिससे लोगों को घरों में ही कचरा जमा रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के मानकों पर खरा उतरने का दावा तब सार्थक हाेगा जब शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई और शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित होगा। उन्होंने नगर सत्ता और महापौर से सफाई व्यवस्था और कचरा कलेक्क्शन की नियमित मॉनीटरिंग और जिम्मेदार अधिकारियोें की जवाबदेही तय करने की मांग की। इस दौरान पार्षद प्रमोद पटेल, कलीम खान, पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली, सांसद प्रतिनिधि इस्तियाक अंसारी, रिजवान कोटि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Created On :  

Next Story