- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- ठेका कंपनी के प्रोजेक्ट हेड समेत...
Mandla News: ठेका कंपनी के प्रोजेक्ट हेड समेत तीन पर एफआईआर

डिजिटल डेस्क,मंडला। 27 जुलाई को किडनी रोग से पीड़ित सुनहेरामाल निवासी युवक की एम्बुलेंस में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत के प्रकरण में सख्त कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने एम्बुलेंस ठेका कंपनी मेसर्स जेएईएस प्रोजेक्ट हेड भोपाल समेत जिला समन्वयक, ईएमटी की लापरवाही पाए जाने पर धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक 27 जुलाई को किडनी रोग से पीडि़त सुनेहरा माल निवासी अजीत बरया पिता कुंवरमन बरया (21) वर्ष को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद पिता ने 108 एम्बुलेंस को बुलाया था। यहां से डायलिसिस के लिए जिला अस्पताल मंडला लाया जाना था लेकिन 108 के कर्मचारी उन्हें बम्हनी ले गए। रास्ते में ऑक्सीजन भी नहीं लगाया। जिससे युवक की हालत बिगड़ गई।
यहां बम्हनी सीएचसी मेें चिकित्सक के द्वारा युवक की हालत देखने के बाद ईएमटी को ऑक्सीजन नहीं लगाने पर फटकार भी लगाई और मंडला के लिए रेफर किया गया। युवक को मंडला लाते समय 108 का ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने के बाद रास्ते में युवक की मौत हो गई। यहां जिला अस्पताल में चिकित्सक ने परीक्षण के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया।
दैनिक भास्कर की खबर बनी आधार, कलेक्टर ने बनाई जांच टीम
इस घटना के बाद पिता कुंवरमन की दर्दभरी चीखों की आवाज दैनिक भास्कर बना और गतांक में प्रमुखता से इस घटना को प्रकाशित किया। इस खबर को जिला कलेक्टर राहुल नामदेव धोते ने गंभीरता से लिया और चार सदस्यीय जांच दल गठित किया।
टीम के द्वारा मामले की जांच की गई। टीम के द्वारा घटना से जुड़े सभी के बयान दर्ज किए गए। जिसमें ठेका कंपनी और कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ठेका कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया है कि कलेक्टर के द्वारा बनाई जांच टीम के प्रतिवेदन पर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। जांच टीम के प्रतिवेदन में ठेका कंपनी और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है।
जिसके बाद बीएनएस की धारा 106(1) के तहत एम्बुलेंस ठेका कंपनी मेसर्स जेएईएस प्रोजेक्ट हेड भोपाल समेत जिला समन्वयक उमेश जंघेला, ईएमटी मंजुला पटेल के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली पुलिस के द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Created On :   4 Aug 2026 6:46 PM IST












