Mandla News: दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
अंजनिया पुलिस ने 1.85 लाख रुपये के जेवर और नगदी बरामद, विधि-विरुद्ध बालक भी संरक्षण में

डिजिटल डेस्क,मंडला। जिले के अंजनिया क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी विधि अनुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और नगदी सहित करीब 1.85 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बम्हनी सतेंद्र रघुवंशी और चौकी प्रभारी अंजनिया निरीक्षक अंकित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम अमझर निवासी संजू सैयाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह घर में ताला लगाकर धान का रोपा लगाने खेत गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना बम्हनी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। पूछताछ में अखिलेश सैयाम और एक विधि-विरुद्ध बालक ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी सहित लगभग 1.85 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

चोरी की वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर खेत में धान का रोपा लगाने गया था। आरोपियों ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए ताला तोड़ा और घर में रखे कीमती जेवर एवं नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया.

प्रकरण के खुलासे में चौकी प्रभारी निरीक्षक अंकित कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक राजेश सराठे, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार चौबे, प्रधान आरक्षक संतोष कुमार, प्रधान आरक्षक जगदीश मरसाम, प्रधान आरक्षक नारायण प्रसाद उइके, आरक्षक लीलामणि उर्मी, आरक्षक अनिल भलावी, आरक्षक दिनेश परस्ते तथा आरक्षक विनोद टेकाम की सराहनीय भूमिका रही।

Created On :   3 Aug 2026 7:46 PM IST

Tags

Next Story