जबलपुर को पहली बार मिला थ्री स्टार रेटिंग शहर का दर्जा

जबलपुर को पहली बार मिला थ्री स्टार रेटिंग शहर का दर्जा
स्वच्छता टीम के सभी सदस्यों ने संस्कारधानी के नागरिकों का आभार व्यक्त किया

डिजिटल डेस्क जबलपुर। जबलपुर शहर को पहली बार थ्री स्टार रेटिंग शहर का दर्जा मिला है। देश भर के शहरों में कड़े मुकाबले के बाद जबलपुर को थ्री स्टार रेटिंग की उपलब्धि मिली है। अभी तक जबलपुर जीरो स्टार रेटिंग वाले शहर में शामिल था। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मिलित प्रयासों से मिल पाई है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, तत्कालीन आयुक्त स्वप्निल वानखड़े, नवागत निगमायुक्त प्रीति यादव एवं स्वच्छता टीम के सभी सदस्यों ने संस्कारधानी के नागरिकों का आभार व्यक्त किया है।

स्वास्थ्य अधिकारी भूपेन्द्र सिंह और सहायक आयुक्त संभव अयाची ने बताया कि थ्री स्टार रेटिंग के लिए शहर का ओवर ऑल परफार्मेंस देखा गया। स्वच्छता टीम ने शहर के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था देखी। शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था और कचरा गाडिय़ों की स्थिति देखी गई। इसके अलावा सड़क, डिवाइडर पर पेंटिंग, कबाड़ से कमाल, फुहारा और पब्लिक व कम्युनिटी टॉयलेट को देखा गया। स्वच्छता टीम ने शहर के तालाबों का सौंदर्यीकरण भी देखा। शहर में उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में नागरिकों से फीडबैक भी लिए गए। इसके बाद जबलपुर शहर को थ्री स्टार रेटिंग का दर्जा दिया गया।

स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में सुधार होने की उम्मीद

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस साल स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में भी सुधार होने की उम्मीद है। पिछले साल जबलपुर स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में 23 वें नंबर पर आया था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम किए। व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था लागू की गई। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था में भी सुधार लाया गया। सफाई के संसाधनों में वृद्धि की गई। स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। इससे उम्मीद है कि इस साल स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में भी सुधार होगा। जानकारों का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग की घोषणा 11 जनवरी को हो सकती है।

Created On :   5 Jan 2024 6:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story