- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मल्टी लेवल पार्किंग खाली, सड़क और...
Jabalpur News: मल्टी लेवल पार्किंग खाली, सड़क और फुटपाथ पर वाहन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय के सामने पैदल चलने के लिए बनाया गया फुटपाथ इन दिनाें वाहनों का पार्किंग स्थल बन गया है। यहां फुटपाथ पर कारों की कतार लग रही है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरत की बात तो यह है कि यह नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने हो रहा है।
इसके बाद भी जिम्मेदारों ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं। फुटपाथ पर सुबह से देर शाम तक कार और अन्य चारपहिया वाहन पार्क रहते हैं, जिससे अराजकता का माहौल निर्मित हो रहा है। इसके बाद भी न तो ट्रैफिक विभाग का अमला इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही कभी ट्रैफिक पुलिस कोई कार्रवाई करती है।
नागरिकों ने बताया कि पिछले कई महीनों से फुटपाथ को कार पार्किंग का स्थान बना दिया गया है। कई बार लोगों ने नगर निगम में शिकायत की है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
राहगीर हो रहे हादसे का शिकार
निगम चौक से नौदरा ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर नेहरू उद्यान के पास लोगों के पैदल चलने के लिए फुटपाथ बनाया गया है, लेकिन इस फुटपाथ पर वाहन पार्क हो जाने से लोगों को पैदल चलने के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। ऐसे में कई बार लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।
सिविक सेंटर में है मल्टी लेवल पार्किंग
खास बात यह है कि सिविक सेंटर चौपाटी के ठीक सामने चारपहिया वाहनाें के लिए मल्टी लेवल पार्किंग बनाई गई है। इसके बाद भी आसपास के व्यापारी और अन्य लोगों के द्वारा इस पार्किंग का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिससे सड़कों और फुटपाथों पर अराजकता का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि फुटपाथ पर पार्किंग करने वालों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
फुटपाथ और सड़क पर चारपहिया वाहनों की पार्किंग की शिकायत सामने आई है। अतिक्रमण विभाग और ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से कार्रवाई कराई जाएगी।
-सागर बोरकर, संभागीय अधिकारी, संभाग क्रमांक- 13
Created On :   26 Feb 2026 5:03 PM IST












