- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- कैमरे से जब आई बच्चों के रोने की...
सीसीटीवी हैक: कैमरे से जब आई बच्चों के रोने की आवाज तो चौंक गई महिला डॉक्टर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मोबाइल और कम्प्यूटर सिस्टम हैक करने के मामले आपने कई बार सुने होंगे, लेकिन पहली बार एक महिला चिकित्सक के घर पर लगा सीसीटीवी कैमरा ही हैक हो गया। कैमरे से बच्चों के रोने की आवाजें आईं, तब चिकित्सक को इस बात की भनक लगी।
वीडियो फुटेज के साथ शिकायत गौरीघाट थाने पहुंची। शहर में सामने आए अपनी तरह के इस पहले मामले ने सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को चिंता में डाल दिया है। साइबर सेल के एक्सपर्ट भी हैरान हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी डॉ. प्राची सक्सेना ने लिखित शिकायत देकर बताया कि वे पिछले दिनों अपने घर के लिविंग एरिया में थीं, तभी सीसीटीवी से आवाजें सुनाई दीं। शुरुआती दौर में उन्हें किसी वहम का अंदेशा हुआ। कुछ देर नजरअंदाज करने के बाद बच्चों के रोने की आवाजें सुनाई देने लगीं।
चिकित्सक ने समझा कि संभवत: मोबाइल पर कोई वीडियो प्ले हो गया होगा, लेकिन तत्काल ही एहसास हो गया कि आवाजें मोबाइल से नहीं बल्कि सीसीटीवी से आ रही हैं। उन्होंने कैमरे पर कपड़ा डालकर उसे डिस्कनेक्ट किया और पुलिस को सूचना दी।
एक्सपर्ट व्यू- नियमित बदलते रहें पासवर्ड तो ही खतरा कम होगा
{आईटी एक्सपर्ट व निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रो. डॉ. आशीष मिश्रा कहते हैं कि सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने वाले टेक्नीशियन के पास कई बार आपके सीसीटीवी का यूजर आईडी, पासवर्ड होता है।
{इंस्टॉलेशन के बाद यह नहीं बदला गया तो भविष्य में सीसीटीवी तक अनधिकृत पहुंच (अनअाथराइज एक्सेस) की आशंका बनी रहती है। पासवर्ड बदलते रहना जरूरी है।
{बहुत से लोग सामान्य (कॉमन-डिफॉल्ट) पासवर्ड का उपयोग भी करते हैं। इन्हें कोई भी व्यक्ति आसानी से अनुमान लगाकर (हिट एंड ट्रायल) या ब्रूट फोर्स एक्सेस करने का प्रयास कर सकता है।
कैमरे के पास जाते ही आवाज बंद }डॉ. सक्सेना को बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी, तो उन्होंने कैमरे का वीडियो बनाना शुरू किया। हालांकि जब वे मोबाइल को कैमरे के पास ले कर गईं तो आवाज आनी बंद हो गई। दूर हटने पर पुन: आवाजें आने लगीं। उन्होंने ऐसा बार-बार किया। हर बार यही नतीजा सामने आया।
वीडियो जारी कर बचने की दी सलाह
इस घटनाक्रम से डरी-सहमी डॉ. सक्सेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी अपलोड किया है। इसमें वे आम लोगों से हमेशा सतर्क रहने और किसी भी तरह का संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील कर रही हैं।
महिला चिकित्सक की शिकायत पर बारीकी से जांच की जाएगी। इसके बाद जो भी आरोपी सामने आएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई भी जरूर होगी।
सम्पत उपाध्याय, एसपी
Created On :   27 Jun 2026 5:31 PM IST












