- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जर्जर भवन के टुकड़े गिरते हैं और...
Jabalpur News: जर्जर भवन के टुकड़े गिरते हैं और खतरों में खेलते हैं बच्चे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। भोपाल के आदेश के बाद गत दिवस जिला कलेक्टर ने भी सभी स्कूल परिसरों के जर्जर भवन गिराने के निर्देश दिए और साफ शब्दों में कहा गया कि किसी भी जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित न की जाएं। स्कूल के पास यदि भवन नहीं है तो नगर निगम से मांग की जाए। अब बात करते हैं प्रधानमंत्री के नाम पर बनाए गए पीएमश्री स्कूल सालीवाड़ा की।
स्कूल की शानदार इमारत है और बच्चे उसी में पढ़ाई करते हैं, लेकिन परिसर में ही एक बेहद जर्जर और खंडहरनुमा भवन है, जिसके टुकड़े अक्सर गिरते रहते हैं। शिक्षकों के निर्देश हैं कि बच्चे उस भवन की तरफ न जाएं, लेकिन उनको रोकना मुश्किल होता है। कभी लंच में तो कभी स्कूल लगने के समय बच्चे वहां नजर आ ही जाते हैं।
पीएमश्री सालीवाड़ा स्कूल के संबंध में कुछ अभिभावकों ने शिकायत की है कि शाला परिसर में ही जर्जर ग्राम पंचायत सालीवाड़ा का भवन है। पंचायत का नया भवन स्कूल के सामने बन गया है और उसी में लग भी रहा है, लेकिन पुराने और जर्जर भवन को तोड़ने की सुध किसी ने नहीं ली।
इसके लिए प्रशासन से कई बार शिकायत की गई लेकिन किसी ने ध्यान ही नहीं दिया। बताया जाता है कि जर्जर भवन के पास नर्सरी और आठवीं कक्षा तक के बच्चे घूमते रहते हैं। उन्हें कई बार मना किया गया लेकिन उनको अपनी सुरक्षा की चिंता नहीं होती। खाली भवन उन्हें आकर्षित करता है और वे वहां चले ही जाते हैं।
2023 में ही बन गया था नया भवन
शिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायत का नया भवन वर्ष 2023 में ही बन गया था और सारा कामकाज वहीं से होता है। इसके बाद भी पुराने भवन को नहीं तोड़ा गया। शिक्षकों ने कलेक्टर, जिला पंचायत और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिखित में आवेदन दिया, लेकिन इसके बाद भी जर्जर भवन को तोड़ने की कार्रवाई नहीं की गई।
स्कूल परिसर में कोई भी जर्जर ढांचा न हो
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने गत दिवस जारी किए आदेश में उल्लेख किया है कि किसी भी स्कूल परिसर में कोई भी जर्जर ढांचा न हो, जिसके बारिश में या अंधड़ में गिरने की आशंका हो। इसके लिए उन्होंने सभी बीईओ, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य, जनशिक्षक, उपयंत्री तथा संबंधित शाला प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण कर ऐसे जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई की जाए।
सभी को बाेल चुके पर नहीं टूट रहा भवन
ग्राम पंचायत का पुराना भवन पीएमश्री स्कूल के परिसर में ही है। इसे लेकर हमेशा एक डर बना रहता है कि बच्चे उसमें न जाएं और किसी दिन यदि भवन अचानक गिरता है तो निश्चित ही उसके टुकड़े दूर-दूर तक जाएंगे, जिससे कोई भी गंभीर हादसा हो सकता है। बेहतर होगा कि भवन को तुड़वाया जाए। सभी कार्यालयों में पत्र भेजे जा चुके हैं बल्कि कुछ ही दिन पहले सरपंच से भी बोला गया है।
-श्रीमती आभा बानखेड़े, प्रिंसिपल, पीएमश्री सालीवाड़ा
Created On :   27 Jun 2026 5:59 PM IST












