Jabalpur News: 1 मिनट की देरी ने तोड़ दिया छात्रा का सपना, नीट की परीक्षा से चूकी

1 मिनट की देरी ने तोड़ दिया छात्रा का सपना, नीट की परीक्षा से चूकी
10 हजार 441 में से 8693 परीक्षार्थी ही आए सेंटरों पर, 1748 रहे एब्सेंट

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा रविवार को आयोजित री-नीट परीक्षा में जीसीएफ सेंट्रल स्कूल नम्बर एक में ऐसा वाक्या हुआ जिसने कई लोगों को द्रवित कर दिया। यहां नरसिंहपुर की एक छात्रा केवल 1 मिनट देरी से पहंुची जिससे उसे परीक्षा देने नहीं मिली। परीक्षा एजेंसी के कठोर निर्देश थे कि हर हाल में परीक्षा केन्द्र के गेट 1.30 बजे बंद हो जाएं और ऐसा ही किया गया।

डिंडोरी के छात्र के साथ भी ऐसा ही हुआ। परीक्षा में कुल 10441 परीक्षार्थियों में से 8693 ने परीक्षा दी। 1748 उपस्थित नहीं हुए। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू की गई हेल्प लाइन की मदद सैकड़ों बच्चों और उनके परिजनों ने ली, इससे वे सेंटरों तक आसानी से पहुंच सके।

नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट की परीक्षा रविवार को जिले के 23 केन्द्रों में आयोजित की गई थी। इस दिन योग दिवस और रादुविवि में दीक्षांत समारोह भी था जिसमें देश की राष्ट्रपति महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। इस वजह से पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी थी।

जीसीएफ सेंट्रल स्कूल में दोपहर 1.31 बजे से छात्रा आदित्या सोनी और छात्र कुलदीप ने बहुत प्रयास किया कि उन्हें सेंटर में प्रवेश दिया जाए लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। वे रुआंसे हाे गए क्योंकि उनके सपने बस चंद पलों की देरी से टूट गए थे। हालांकि उन्होंने कहा कि वे दोबारा प्रयास करेंगे।

रिपोर्टिंग टाइम 11 बजे था

इस सम्बंध में अधिकारियाें का कहना था कि छात्र-छात्राओं काे सेंटर में 11 बजे पहुंचना था। इसके लिए पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए थे। हालांकि एजेंसी ने यह भी कहा था कि किसी वजह से यदि परीक्षार्थी देरी से केन्द्र पहुंचते हैं तो उन्हें 1.30 बजे तक प्रवेश दिया जाए लेकिन इसके बाद किसी को भी अंदर न जाने दिया जाए।

Created On :   22 Jun 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story