Jabalpur News: राष्ट्रपति ने किया योगाभ्यास, हजारों बच्चों के साथ युवा और बुजुर्ग भी बने भागीदार

राष्ट्रपति ने किया योगाभ्यास, हजारों बच्चों के साथ युवा और बुजुर्ग भी बने भागीदार
यादों में रहेगा...महामहिम के साथ योग का संयोग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यूं तो देश भर में आयोजन हुए लेकिन संस्कारधानी के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित हुआ कार्यक्रम लोगों की यादों में शुमार हो गया। कारण यह था कि इसमें देश की प्रथम नागरिक द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति का अनूठा संयोग जुड़ा।


रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने न केवल सभी के साथ योगाभ्यास किया, बल्कि संबोधन में योग का मर्म भी समझाया। उन्होंने कहा कि योग शब्द का अर्थ है जोड़ना, व्यक्ति को स्वयं से, समाज को प्रकृति से और संपूर्ण मानवता को व्यापक विश्व चेतना से। योग एक सशक्त माध्यम है जो हमें आंतरिक शांति, संतुलन और सामूहिक कल्याण की दिशा में आगे बढ़ाता है।

योग साधकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हम देश की उस महान योग परंपरा का उत्सव मना रहे हैं, जिसने मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग प्रदान किया है। हमारे शास्त्रों में शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को जीवन की सफलता का आधार माना गया है। योग उसी संतुलन को स्थापित करने का मार्ग है। इसे दिनचर्या में अपनाया जाना चाहिए।


जीवन के संतुलन की पद्धति: राज्यपाल

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि याेग केवल शरीर को स्वस्थ बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह संपूर्ण जीवन को संतुलित, सरल और आनंदमयी बनाने की पद्धति है। इससे शारीरिक के साथ मानसिक चेतना जागती है।

वैश्विक शांति, कल्याण को बढ़ावा - सीएम

सीएम डाॅ. मोहन यादव ने कहा कि योग दिवस वैश्विक शांति और वैश्विक कल्याण को बढ़ावा देता है। डाॅ. यादव ने कहा कि 21 जून सूर्य देव की कक्षा परिवर्तन का दिन भी है। इसकी ऊर्जा को हमें अपने में समाहित करनी चाहिए।

स्वस्थ रहने का संदेश देने इन्होंने भी किए योग के आसन

कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू के साथ, राज्यपाल श्री पटेल, मुख्यमंत्री डाॅ. यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री राकेश सिंह, मंत्री इंदर सिंह परमार, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्न्ू, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, संतोष बरकड़े, अभिलाष पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी योगाभ्यास किया।

झलकियां

{ राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू तथा राज्यपाल श्री पटेल को सीएम ने प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

{सुबह 5.30 बजे से ही ग्राउंड में योग साधक पहुंचने लगे थे, जिसमें बच्चों और छात्रों की संख्या अधिक रही है।

{कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अतिथियों का आगमन 6.34 बजे से हो गया था शुरू।

सूर्य की पहली किरण से शुरूआत

मिनट-टू-मिनट } जय हो गीत के साथ वार्मअप शुरू किया। फिर दंगल-दंगल गाने में योगा कथक, हट योग, मलखंब योग, रस्सी योगा का प्रदर्शन किया। इस दौरान शासकीय ब्यौहारबाग स्कूल एवं जबलपुर जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के बच्चों द्वारा योग का डांस के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया गया।

इंटरप्रेटर ने इशारों से बताए प्राणायाम } योगाभ्यास के दौरान दृष्टिबाधित और बधिरों के लिए इंटरप्रेटर्स में अक्षय सोनी, अंशिका पाल और प्रतिमा सिंह ने शारीरिक आसनों और प्राणायाम को इशारों के माध्यम से कराया। मूक-बधिर स्टूडेंट्स के लिए योग के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।

31 विद्यालयों के छात्र पहुंचे ग्राउंड } गैरिसन ग्राउंड में शहर के करीब 31 विद्यालयों के लगभग 3700 विद्यार्थी पहुंचे। इनके साथ शहर के आमजनों ने भी योगाभ्यास किया। ग्राउंड में योग करने वाले प्रतिभागियों का अनुशासन देखते ही बना। एक कतार में बैठकर सभी ने योग किया।

Created On :   22 Jun 2026 6:25 PM IST

Tags

Next Story