- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- समस्याओं की गिरफ्त में सिविक...
Jabalpur News: समस्याओं की गिरफ्त में सिविक सेन्टर, गंदगी और अतिक्रमणाें से नहीं मिल पा रही निजात
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिविक सेन्टर क्षेत्र के व्यापारियों एवं कारोबारियों की बैठक में कई ऐसे मुद्दे उठे, जिनका यदि पालन किया जाए तो सिविक सेंटर की स्थिति बदल सकती है। व्यापारियों ने साफ कहा कि न तो जेडीए और न ही नगर निगम इस तरफ ध्यान देता है। यही वजह है कि यहां साफ-सफाई के साथ ही अतिक्रमणों की भरमार हो गई है।
खुले में नॉनवेज की दुकानें चल रही हैं, जिससे लोगों को बहुत परेशानी होती है। पार्किंग की व्यवस्था न होने से चलने में दिक्कत होती है।
महाकौशल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री सभागार में आयोजित बैठक में चैम्बर के मानसेवी मंत्री अखिल मिश्र ने कहा कि विगत दिनों सिविक सेन्टर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जबलपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन द्वारा क्षेत्र को बेहतर बनाने व्यापारियों से सुझाव मांगे गए थे।
इसी तारतम्य में चैम्बर द्वारा आयोजित बैठक में व्यवसायियों द्वारा क्षेत्र में नाॅनवेज की बिक्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग प्रमुखता से की गई। गार्डन की बाउंड्री से लगकर मार्किंग पार्किंग की जगह पर ठेलों के खड़े होने से गाड़ियां सड़क पर खड़ी होती हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
इस मौके पर चैम्बर उपाध्यक्ष शंकर नाग्देव, हेमराज अग्रवाल, शंकरलाल खत्री, प्रमोद अग्रवाल, श्रेणिक संकलेचा, लखन चौधरी, गोविंद साहू, राकेश जैन, शंकर लाल गुप्ता आदि उपस्थित थे।
पानी का होता है भराव
व्यापारियों ने कहा कि निचला क्षेत्र होने के कारण जलभराव स्वाभाविक रूप से होता है, परंतु इसकी निकासी नहीं किए जाने से यह समस्या विकराल रूप ले रही है। चौपाटी के पहले बनी पुलिया की नियमित सफाई न होना भी इसकी प्रमुख वजह है। चर्चा के उपरांत चैम्बर अध्यक्ष रवि गुप्ता ने सभी व्यापारियों को आश्वस्त किया कि समस्याओं के निवारण के लिए शीघ्र ही बैठक बुलाकर चर्चा की जाएगी।
Created On :   22 Jun 2026 5:44 PM IST












