- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- इन तीन तिराहों-चौराहों पर दम तोड़...
Jabalpur News: इन तीन तिराहों-चौराहों पर दम तोड़ देते हैं सारे ट्रैफिक नियम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों आम लोगों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसा ही कुछ छोटी लाइन फाटक चौक के अलावा ब्लूम चौक और तीन पत्ती चौराहे पर भी होता दिख रहा है। जहां वाहन चालक सारे यातायात नियमों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं।
हालात ये हैं कि दोपहिया वाहन चालकों के अलावा चार-पहिया व तिपहिया वाहन चालक भी जहां चाहे वहां से अपनी गाड़ियां दौड़ाकर आगे निकाल रहे हैं लेकिन इसके बावजूद यातायात पुलिस का अमला मूकदर्शक बना हुआ है और इन तीनों तिराहों-चौराहों पर सड़क हादसे होने और भयावह जाम लगने की समस्या लगातार बनी हुई है।
सुबह से ही शुरू हो जाती है वाहनों की रेलमपेल
क्षेत्रीय लोगों की मानें तो इन तीनों व्यस्त चौराहों पर सुबह 7 बजे से ही वाहनों की रेलमपेल शुरू हो जाती है जो कि दिनभर बनी रहती है। स्थिति ये है कि छोटी लाइन फाटक चौक पर जहां गौरीघाट, गोरखपुर, मदन महल और शास्त्री ब्रिज की ओर से बड़ी संख्या में आने वाले वाहन चालक चारों ओर से आते हैं।
इस दौरान उन्हें जहां से भी जगह मिलती है वहीं से वे आगे निकलने का प्रयास करते हैं। इस दौरान न तो वे यातायात नियम की ही परवाह करते हैं और न ही आजू-बाजू से निकलने वाले लोगों की ही उन्हें चिंता रहती है। यही वजह है कि दिनभर यह चौराहा अस्त-व्यस्त बना रहता है और जाम लगना व सड़क हादसे होना कोई नई बात नहीं रह गई है।
लाल बत्ती की भी नहीं करते हैं परवाह
कुछ ऐसे ही हालात इन दिनों ब्लूम चौक और तीन पत्ती चौराहे के भी बने हुए हैं। इन दोनों ही जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल भी लगे हुए हैं लेकिन वाहन चालक यहां होने वाली लाल बत्ती को भी अनदेखी कर आगे बढ़ जाते हैं और इसी कारण जाम के हालात बनने के अलावा एक्सीडेंट होना भी आम बात हो चुकी है।
कुछ दिनों पूर्व ही एक प्राइवेट एम्बुलेंस व लोडिंग ऑटो की टक्कर यहां हो चुकी है जिसमें दो लोगों को गंभीर चोटें आ गई थीं और काफी देर तक अस्त-व्यस्त माहौल बना रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा दोपहर बाद ही ट्रैफिक सिग्नल चालू किए जा रहे हैं लेकिन जब वे दिनभर रोशन रहते हैं तब भी वाहन चालक उनकी कोई परवाह नहीं करते हैं।
शहर की सड़कों पर लापरवाही पूर्वक दौड़ रहे वाहन
जानकारों की मानें तो इन तीनों ही चौराहों व तिराहों पर प्रतिदिन ट्रैफिक पुलिस का अमला तैनात रहता है लेकिन उनका पूरा ध्यान सिर्फ हेलमेट चेकिंग पर ही रहता है और तीन पत्ती चौक पर तो सिग्नल के नजदीक ही यातायात पुलिस द्वारा चेकिंग करने के बावजूद वह पूरी तरह से बेपरवाह बनी रहती है।
यही वजह है कि सड़कों पर लापरवाहीपूर्वक दौड़ रहे वाहनों की ओर जिम्मेदार तनिक भी ध्यान नहीं देते हैं, जिसके चलते तीन पत्ती चौक बेहद खतरनाक और अस्त-व्यस्त हो चुका है।
पैदल निकलना भी खतरों से कम नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों प्रमोद रैकवार, सुनील गौतम, देवेन्द्र महाजर और आशीष तिवारी आदि का कहना है कि छोटी लाइन फाटक के अलावा ब्लूम चौक और तीन पत्ती चौक से पैदल आवागमन करना भी मुश्किलों भरा हो चुका है।
ऐसा इसलिए क्योंकि जिस तरह से वाहन चालक मनमाने ढंग से अपनी गाड़ियां दौड़ा रहे हैं उसके कारण ही यहां कभी भी हादसा होने का खतरा बना रहता है लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा ध्यान न देना चिंताजनक बात है। उनके अनुसार पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा करने के लिए पुलिस को नियमित निगरानी बढ़ानी चाहिए तभी इन तिराहों व चौराहों से आवागमन करना सुरक्षित हो सकेगा।
उचित निर्देश दिए जाते हैं
शहर के सभी तिराहों व चौराहों पर यातायात पुलिस का अमला हमेशा तैनात रहता है। इसके अलावा वाहन चालकों को भी उचित निर्देश दिए जाते हैं, ताकि अव्यवस्थाओं को दूर किया जा सके। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर चालानी कार्रवाई लगातार की जा रही है।
संतोष कुमार शुक्ला, डीएसपी ट्रैफिक थाना मालवीय चौक
Created On :   8 Jun 2026 5:33 PM IST










