- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बजट में कटौती से सीमित हुईं ऑन कॉल...
Jabalpur News: बजट में कटौती से सीमित हुईं ऑन कॉल डॉक्टरों की विजिट
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और संजीवनी पॉलीक्लीनिकों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता में अब बजट आड़े आ रहा है, जिसके चलते केंद्रों पर डॉक्टरों की विजिट में कटौती कर दी गई है। 1 माह में सिर्फ 5 विशेषज्ञ चिकित्सक ही इन केंद्रों पर विजिट कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से आए पत्र के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में नवीन निर्देश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था के मुताबिक अब स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ और एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ कुल 5 विजिट ही कर सकेंगे।
इसके लिए प्रति विजिट उन्हें 3 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा। अधिकारियों ने अनुसार विजिट के लिए चिकित्सकों का एक पैनल है, जिसमें निजी चिकित्सकों के साथ सेवानिवृत्त शासकीय चिकित्सक शामिल हैं। केेंद्रों से इन चिकित्सकों को ऑन कॉल ड्यूटी के लिए बुलाया जाता है।
पहले ये थी व्यवस्था
जानकारी के अनुसार पूर्व में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ माह में करीब 10-12 विजिट कर सकते थे। हालांकि प्रति विजिट के लिए इन्हें 3 हजार रुपए का ही भुगतान किया जाता था। विजिट कम होने से इन केंद्रों पर आने वाले मरीज अब हायर सेंटर जैसे कि जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल आदि पहुंचेंगे, जिससे मरीजों का दबाव बढ़ेगा।
नई व्यवस्था हुई लागू
वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत 15वें वित्त आयोग एवं शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम तिमाही (अप्रैल 2026 से जून 2026) के लिए बजट की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस वित्तीय मंजूरी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और संजीवनी पॉलीक्लीनिकों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।
इनका कहना है
अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दिशा-निर्देश के अनुरूप ही ऑन कॉल विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके तहत स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं अन्य को आॅन कॉल सेवा के लिए 5 विजिट कर दी गई है। प्रति विजिट 3 हजार रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा। यह व्यवस्था बजट में कमी को देखते हुए की गई है।
डॉ. नवीन कोठारी, सीएमएचओ
Created On :   8 Jun 2026 5:42 PM IST











