- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मनमानी-लोकल हॉलीडे में भी सब को...
Jabalpur News: मनमानी-लोकल हॉलीडे में भी सब को बुला रहे संकुल प्राचार्य

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। होली के पर्व हेतु शासन ने 4 मार्च का भी अवकाश स्वीकृत कर िदया है, जबकि 3 को पहले से ही अवकाश था और 5 मार्च को स्थानीय अवकाश स्वीकृत है। 5 को भाईदूज रहेगा। इस दिन 9वीं, 11वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षा है। ऐसे में संकुल प्राचार्यों ने मौखिक तौर पर पूरे स्टाफ को स्कूल आने के आदेश जारी किए हैं।
शिक्षकों का कहना है कि जिनकी परीक्षा ड्यूटी है सिर्फ उन्हें बुलाया जाना चाहिए और बाकी के लिए अवकाश रहना चाहिए लेकिन मनमानी की जा रही है। इस बार होलिका पर्व पर ग्रहण और भद्रा का योग है, जिसके कारण सबसे अधिक विवाद अवकाश को लेकर हो रहा है।
हालांकि शासन ने इस मामले में दरियादिली दिखाते हुए पहले से स्वीकृत 3 मार्च के अवकाश को यथावत रखते हुए 4 मार्च को भी अवकाश घोषित कर दिया और कलेक्टर ने पहले ही 5 मार्च को भाईदूज के दिन स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया था। अब ऐसे में केवल उन्हीं लोगों को कार्य पर बुलाना चाहिए जिनकी ड्यूटी रहती है, लेकिन स्कूलों में संकुल प्राचार्यों द्वारा पूरे स्टाफ को बुलाया जा रहा है। इससे शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पांच को संस्कृत, विज्ञान और भूगोल की परीक्षाएं
5 मार्च गुरुवार को 9वीं कक्षा में संस्कृत, 11वीं कक्षा में राजनीति विज्ञान और 12वीं कक्षा में भूगोल का पेपर रहेगा। इस दिन स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इन परीक्षाओं के लिए अभिभावकों को ध्यान रखना होगा, क्योंकि इस दिन परिवहन के साधन मिलने में परेशानी होती है।
आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया 9 से
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत गैर-अनुदान प्राप्त मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में ऑनलाइन निःशुल्क प्रवेश प्रक्रिया 9 मार्च से शुरू होगी। प्रवेश हेतु पात्र बच्चों के अभिभावक अपने ग्राम, वार्ड के गैर अनुदान मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों में पोर्टल पर कक्षावार प्रदर्शित स्कूलों में से न्यनूतम 3 स्कूलों तथा अधिकतम 10 स्कूलों का चयन कर निःशुल्क प्रवेश हेतु आवेदक की समग्र आईडी दर्ज करके एवं आधार सत्यापन करके ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर सकेंगे।
आवेदन के पश्चात् निर्धारित तिथि एवं निर्धारित सत्यापन केन्द्र पर मूल दस्तावेजों से सत्यापन कराया जाना अनिवार्य है। दस्तावेजों के सत्यापन उपरांत पात्र पाये गये आवेदको को ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयनित विद्यालयों मे से अशासकीय विद्यालय का आवंटन किया जायेगा।
निःशुल्क प्रवेश हेतु मान्यता प्राप्त अशासकीय स्कूल एवं उनमें उपलब्ध कक्षा की सीट का पोर्टल पर प्रर्दशन 9 मार्च से किया जाएगा। इसके बाद 13 से 28 मार्च तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एवं त्रुटि सुधार की प्रक्रिया होगी, 14 से 30 मार्च तक सत्यापन कराना होगा। 2 अप्रेल को ऑनलाइन लॉटरी के जरिए सूचना दी जाएगी। 3 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूल में प्रवेश हेतु उपस्थित होना पड़ेगा।
Created On :   5 March 2026 4:55 PM IST












