रेलवे भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा: दो को बिहार से पकड़कर लाई पुलिस, सीबीआई कोर्ट ने भेजा जेल

मुकेश की जगह रंजीत ने दे दी परीक्षा, बायोमेट्रिक जांच में खुला था जालसाजी का राज

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेलवे भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर नौकरी पाने वाले वाले दो आरोपियों को सीबीआई की टीम ने बिहार जाकर दबोच लिया। साेमवार को दोनों को यहां लाकर सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इनके नाम मुकेश कुमार और रंजीत कुमार बताए गए हैं।

बताया गया है कि रेलवे भर्ती परीक्षा में मुकेश के स्थान पर कोचिंग पढ़ाने वाले रंजीत कुमार ने परीक्षा दी थी। फोटो में भी मिक्सिंग करके खेल किया था, लेकिन बायोमेट्रिक जांच में पूरा राज सामने आ गया।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार पमरे द्वारा वर्ष 2024 में टेक्नीशियन ग्रेड थ्री ट्रैक मशीन पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 92 उम्मीदवारों का चयन हुआ था। इसमें बिहार मुंगेर निवासी मुकेश कुमार भी था। चयन के बाद मुकेश कुमार को आईआरटीएमटीसी, पीआरवाईजी में 10 नवंबर 2025 को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था, वहां पर 14 नवंबर को चयनित उम्मीदवारों का दोबारा बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया जिसमें फर्जीवाड़ा उजागर हुआ था।

सत्यापन में पता चला कि परीक्षा के समय के बायोमेट्रिक और फोटो से मुकेश के बायोमेट्रिक और फोटो मेल नहीं खा रहे थे। संदेह होने पर रेलवे अधिकारियों द्वारा मुकेश कुमार से पूछताछ गई तो उसने बताया कि परीक्षा में उसके स्थान पर रंजीत कुमार बैठा था और उसी ने मेडिकल टेस्ट भी पास किया था। इसके बाद रेलवे ने मुकेश कुमार काे बर्खास्त किया और फिर सीबीआई से शिकायत की थी जिस पर एफआईआर दर्ज की गई थी।

6 लाख में तय हुआ था सौदा

पूछताछ में आरोपी रंजीत कुमार ने बताया कि वह मुंगेर में कोचिंग सेंटर चलाता है। भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए मुकेश कुमार से उसका 6 लाख रुपये में सौदा हुआ था। उसके बाद उसने उसे परीक्षा पास कराई और उसके बाद दस्तावेजोंं को सत्यापन और मेडिकल कराने के लिए वह मुकेश कुमार बनकर भोपाल पहुंचा था। रेलवे में चयन होने के बाद उसने मुकेश से रुपये लिए थे। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल था।

गूगल से तैयार की थी फोटो

जांच के दौरान आरोपी रंजीत ने बताया कि मुकेश कुमार की फोटो देखकर किसी को संदेह न हो इसके लिए उसने गूगल के जरिए अपनी और मुकेश की फोटो की मिक्सिंग कर नई फोटो तैयार की थी। वहीं पकड़े जाने पर यह बताया जाता कि मुकेश ने जो फोटो लगाई थी वह काफी पुरानी है।

Created On :   5 March 2026 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story