Jabalpur News: एक ही रोग का उपचार देने आए दो चिकित्सक, कराई गईं मनमानी जांचें

एक ही रोग का उपचार देने आए दो चिकित्सक, कराई गईं मनमानी जांचें
लाइफ मेडिसिटी अस्पताल में महिला की मौत का मामला परिजनों ने सीएमएचओ को दी शिकायत, समिति करेगी जांच

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। आगा चौक स्थित लाइफ मेडिसिटी अस्पताल में गॉल ब्लैडर के ऑपरेशन के बाद कुछ दिनों के अंतराल में महिला की मृत्यु से जुड़े मामले की जांच होगी। परिजनों द्वारा इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा को शिकायत देकर जांच की मांग की गई थी, जिसके बाद मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई जाएगी। परिजनाें द्वारा दी गई शिकायत में अस्पताल के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मृतका के पति निखिल उसरेटे ने सीएमएओ को दी गई शिकायत में इस बात का उल्लेख किया है कि ऑपरेशन के बाद की देखभाल में हद दर्जे की लापरवाही तो बरती ही गई, आईसीयू में एमबीबीएस की बजाय बीएएमएस और आरएमपी डॉक्टर्स ड्यूटी कर रहे थे, साथ ही आयुष्मान योजना के तहत मनचाहा उपचार भी किया गया।

एक ही रोग के लिए दो चिकित्सकों ने मरीज को देखा, जिससे कि उसका चार्ज बिल में जोड़ा जा सके। इसके अलावा मनमानी जांचें भी कराई गईं, जिनकी जरूरत नहीं थी। अस्पताल प्रबंधन ने अपना फायदा देखते हुए मरीज के आयुष्मान कार्ड का दुरुपयोग किया। इधर उचित देखभाल के अभाव मंे पत्नी ने असमय दम तोड़ दिया। ऐसे में इसके लिए जिम्मेदार सभी चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन की सख्त जांच की जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मरीज के साथ ऐसा न हो।

यह है पूरा प्रकरण

जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक निवासी 59 वर्षीय सुनीता उसरेटे को गाॅल ब्लैडर के ऑपरेशन के लिए 16 फरवरी को लाइफ मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती किया गया था। 24 फरवरी को डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने ऑपरेशन किया। पति निखिल उसरेटे के अनुसार ऑपरेशन के बाद 2-3 दिन तक उनकी पत्नी की हालत ठीक थी, लेकिन फिर हालत बिगड़ती चली गई। बार-बार पूछने पर भी डॉक्टरों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद रविवार सुबह 4 बजे मरीज ने दम तोड़ दिया।

इनका कहना है

परिजनों द्वारा मामले में शिकायत दी गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए समिति गठित की जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ

Created On :   5 March 2026 5:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story