Jabalpur News: रात में घना कोहरा, दिन में सर्द हवाओं ने कंपाया

रात में घना कोहरा, दिन में सर्द हवाओं ने कंपाया
अब तेज धूप खिलते ही रात का पारा लुढ़केगा, बर्फीली सर्द हवाओं का प्रभाव संक्रांति के पहले तक महसूस होगा

Jabalpur News: शहर में रविवार को भी दिन की शुरुआत से प्रात: 11 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके बाद कोहरा कुछ छटा और हल्की धूप खिली। आसमान कुछ साफ होते ही सर्द हवाओं का असर महसूस होने लगा। दोपहिया वाहन चलाते वक्त यहां तक कि पैदल चलते वक्त भी ठंडी, बर्फीली व सर्द हवा महसूस हो रही थी।

एक्सपर्ट के अनुसार कोहरे का असर कम होते ही अब शहर में तेज धूप के बाद रात के पारे में गिरावट आएगी। अभी जो ठंड कोहरे से दिन में महसूस हो रही थी, उससे रात के वक्त ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास होगा। अगले 8 से 10 दिन यानी संक्रांति तक तेज ठंड पड़ने वाली है। सूर्य के उत्तरायण होने पर दिन बड़े होंगे, जिसमें सर्दी का अहसास दिन में कम होगा। इससे पहले तेज ठंड का असर दिखाई देने वाला है।

अब आगे ज्यादा सर्दी क्यों

पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी कम होते ही जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश पर सर्दी का असर बढ़ेगा। सुबह घने कोहरे के अलावा कोल्ड वेव यानी शीतलहर, कोल्ड डे और तेज ठंड का असर भी बना रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक जेट स्ट्रीम (ठंडी-गर्म हवाओं का नदी जैसा बहना) की रफ्तार 278 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इस वजह से दिन में सर्द हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं।

दिन का पारा 20 डिग्री पर

रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। दिन का पारा सामान्य से कम है, इसलिए दिन में भी ठंड लग रही है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में आगे 3 से 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

Created On :   5 Jan 2026 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story