Jabalpur News: जबलपुर-दमोह हाईवे निर्माण के लिए फाॅरेस्ट की एनओसी, 100 किमी सड़क अब एक साथ बन सकेगी

जबलपुर-दमोह हाईवे निर्माण के लिए फाॅरेस्ट की एनओसी, 100 किमी सड़क अब एक साथ बन सकेगी
अब नौरादेही के जंगल में भी अन्य हिस्सों के साथ होगा अपग्रेडेशन पहले अलग-अलग तीन पार्ट में बनना था यह राष्ट्रीय राजमार्ग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से दमोह हाईवे के निर्माण के लिए बीच में 23 किलोमीटर के जंगल में एनओसी मिल चुकी है। नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इण्डिया जबलपुर से दमोह के बीच में नौरादेही के जंगल में अब निर्माण कर सकता है। इसमें बफर जोन का हिस्सा जहां पर जानवरों का मूवमेंट ज्यादा है उसके लिए भी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी बोर्ड भी जल्द अनुमति देगा।

इसके लिए दिल्ली में जल्द विचार किया जाएगा। फॉरेस्ट के हिस्से में निर्माण एनओसी मिलने से लेकिन अब पूरी सड़क को हाईवे एक साथ बनाने का रास्ता खुल गया है। बता दें कि जबलपुर से कटंगी और दमोह से जबेरा की ओर पहले केवल दो हिस्सों में निर्माण होना था, जंगल के हिस्से में हाईवे का निर्माण तीसरे हिस्से के रूप में आखिरी में किया जाना था।

दिल्ली से वन के हिस्से में भी निर्माण की हरी झण्डी मिलने से अब एक साथ तीन पार्ट का टेण्डर भी हो सकेगा। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत लाल साहू कहते हैं कि वन की एनओसी मिलने पर अब आगे की प्रोसेस तेज हो सकेगी।

हाईवे-34 जो 1500 करोड़ से बनना है

जबलपुर से दमोह को दो साल पहले हाईवे-34 घोषित किया गया है। पहले स्टेट मार्ग था जिसको हाईवे में कन्वर्ट करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसको तकरीबन 1500 करोड़ की लागत से 30 किलोमीटर फोरलेन बनाया जाएगा तो शेष हिस्सा टूलेन पेवर सोल्डर के साथ कुल 100 किलोमीटर मार्ग विकसित होगा। इसमें जबलपुर से कटंगी तक 30 किलोमीटर को फाेरलेन बनाया जाना है। इसमें माढ़ोताल से कटंगी बायपास चौराहे तक की सड़क को भी नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इण्डिया फोरलेन बनायेगा।

कई शहरों तक जाने के लिए उपयोगी मार्ग

उत्तर प्रदेश जाने के लिए दमोह सड़क का ज्यादा उपयोग किया जाता है। जबलपुर से दमोह, सागर, झांसी, दतिया, ग्वालियर, आगरा जाने में इसका उपयोग किया जाता है। ओरछा जाने के लिए भी दमोह सड़क ही बेहतर विकल्प होता है।

जबलपुर से पाटन, तेंदूखेड़ा और फिर सागर एनएचए-44 में नौरादेही के जंगल में बने स्पीड ब्रेकर होने से सीधे जबलपुर से दमोह, सागर सड़क को बेहतर विकल्प माना जाता है। जानकारों का कहना है कि जबलपुर से दमोह सड़क के अपग्रेड होने से यूपी के कई शहरों के साथ ओरछा जाना आसान हो सकेगा।

Created On :   11 May 2026 4:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story