- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- महिला का मोबाइल हैक कर खाते से...
Jabalpur News: महिला का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए डेढ़ लाख

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र स्थित महाराजपुर पटेल नगर निवासी एक महिला ने ई-काॅमर्स कंपनी में घरेलू सामान का ऑर्डर किया, लेकिन उसमें कुछ सामान कम था। महिला के कहने पर डिलीवरी करने वाले कर्मी ने अपने मैनेजर से महिला की बात कराई। इस दौरान मैनेजर ने महिला को अपना नंबर दे दिया और कर्मचारी के जाने के बाद महिला को काॅल कर मोबाइल हैक कर खाते से डेढ़ लाख रुपए उड़ा लिए।
महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला चंद्रमा बैनर्जी उम्र 38 वर्ष ने पुलिस को बताया कि उसने 8 मई को ऑनलाइन ई-काॅमर्स कंपनी में कुछ सामान ऑर्डर किया था।
कम्पनी का कर्मचारी नाेमान अख्तर सामान लेकर पहुंचा। महिला ने सामान चैक किया तो उसमें लिपिस्टक कम थी, जिसके बाद महिला ने उक्त कर्मी नोमान को सामान कम निकलने की बात कही, जिसके बाद नोमान ने कंपनी के मैनेजर से बात कराई। मैनेजर ने महिला का नंबर लिया और कहा कि नोमान को जाने दें।
दूसरा कर्मचारी आकर सामान पहुंचा देगा। उसके बाद मैनेजर ने महिला को काॅल किया और सेटिंग में कुछ क्लिक करवाया, जिसके बाद महिला का मोबाइल हैक हो गया और दो बैंक खातों से 1 लाख 48 हजार 524 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
Created On :   11 May 2026 4:55 PM IST












