- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 3 ट्रेनें रेग्युलर हुईं, 1 को रीवा...
Jabalpur News: 3 ट्रेनें रेग्युलर हुईं, 1 को रीवा से हरी झंडी, 2 की जबलपुर में अभी भी वेटिंग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से चलने वाली 3 स्पेशल ट्रेनों को रेग्युलर करने रेलवे बोर्ड से लगभग सवा महीने पहले हरी झंडी मिल गई थी। रीवा से सीएसएमटी मुंबई के लिए चलने वाली ट्रेन को भी रेग्युलर किया गया है और यह ट्रेन दौड़ने भी लगी। जबलपुर से जिन दो ट्रेनों पुणे और मुंबई के लिए स्पेशल से रेग्युलर किया गया है वे अभी अटकी हैं।
इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के लिए जनप्रतिनिधियों को समय नहीं मिल रहा है। इन ट्रेनों को अभी भी स्पेशल बनाकर चलाने में यात्रियों को एक तो किराया ज्यादा चुकाना पड़ रहा है दूसरी तरफ समय की कोई पाबंदी नहीं रहती। इन ट्रेनों का 4 से 6 घंटे तक लेट होना आम बात है। यात्रियों को जो परेशानी झेलनी पड़ रही है उसकी तरफ किसी का ध्यान ही नहीं है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तैयारी पूरी है।
पुणे के लिए 8 साल से कर रहे इंतजार
जबलपुर से पुणे के लिए पिछले 8 साल से स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यात्रियों को 8 साल से इंतजार था कि यह ट्रेन रेग्युलर होगी और उन्हें राहत मिलेगी। जबलपुर से पुणे के लिए अभी गाड़ी संख्या 02132 ट्रेन स्पेशल के नाम से ही चल रही है जो हर रविवार को दोपहर 1:50 बजे छूटती है और दूसरे दिन सुबह साढ़े 6 बजे पुणे पहुंचाती है।
हालांकि ये ट्रेन जबलपुर से फुल होकर रवाना होती है। इसी के साथ ही जबलपुर से बांद्रा मुंबई के लिए भी एक स्पेशल ट्रेन 02134 प्रत्येक शुक्रवार को सायं 5 बजे जबलपुर से रवाना होती है और शनिवार दोपहर 2:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचाती है। इस ट्रेन को भी न जाने कब रेग्युलर करके दौड़ाया जाएगा।
रीवा में समारोह हुआ और चलने भी लगी गाड़ी
रीवा से स्पेशल ट्रेन सीएसएमटी मुंबई के लिए चलती थी। इस ट्रेन को भी 28 मार्च को रेग्युलर किया गया था। इस ट्रेन को चलाने रीवा में लगभग 20 दिन पहले समारोह आयोजित किया गया और जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी। यह ट्रेन अब रीवा से जबलपुर होकर प्रत्येक गुरुवार को चलने लगी है। जबलपुर में अभी जनप्रतिनिधियों द्वारा तारीख ही नहीं दी जा रही है जिससे मामला अटका है।
Created On :   11 May 2026 4:43 PM IST












