- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नंबर प्लेट नहीं होगी तो भी फास्टैग...
Jabalpur News: नंबर प्लेट नहीं होगी तो भी फास्टैग से कैमरे में कैद हो जाएंगे वाहन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिले में तीन स्थानों पर लगाए गए ई-चेक गेट के माध्यम से खनिज के अवैध परिवहन पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू होते ही वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है। अभी तक जिन वाहनों में नंबर प्लेट या नंबर नहीं लिखे होते थे ,तो उन्हें खोजने में माइनिंग विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी, मगर अब इस ई-चेक गेट में लगे वेरिफोकल कैमरे के माध्यम से उन वाहनों को भी पकड़ा जा रहा है, जिनमें नंबर नहीं हैं।
यह कैमरा वाहनों में लगे फास्टैग से भी वाहनों का डाटा निकाल रहा है। जिससे वाहन मालिक अब बचने के नए उपाय में जुट गए हैं। इस ई-चेक गेट के जरिए एक पखवाड़े में करीब दस वाहन ट्रेस हुए हैं। जिनमें आठ वाहनों के विरुद्ध पैनाल्टी प्रस्तावित की जा चुकी है। दो वाहनों में भरे खनिज का मूल्यांकन किया जा रहा है।
इन स्थानों पर लगे तीन ई-चेक गेट
खनिज के अवैध परिवहन को रोकने प्रदेश भर में ई-चेक गेट लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में तीन स्थानों क्रमश: गोसलपुर, भीटा और तिलवारा में ई-चेक गेट लगाए गए हैं। जिसमें अभी तक गिट्टी, मुरुम का अवैध परिवहन करते हुए तिलवारा गेट पर वाहन ट्रेस हुए हैं।
वहीं गोसलपुर और भीटा के ई-चेक गेट में अभी तक एक भी प्रकरण नहीं बना है। वहीं दूसरी ओर भेड़ाघाट बायपास की ओर से रेत का सबसे ज्यादा अवैध परिवहन होना पाया जा रहा है, मगर यहां ई-चेक गेट नहीं होने से वाहनों की खुलेआम आवाजाही जारी है।
25 जिलों में तैनात किए गए हैं कमांड सेंटर
जानकारों की मानें तो वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न खनिज परिवहन करने वाले प्रमुख मार्गों पर जहां कुल 40 स्थानों पर एआई आधारित मानव रहित ई-चेक गेट स्थापित किए गए हैं। इन ई-चेक गेट की सतत निगरानी एवं नियंत्रण के लिए प्रदेश स्तर पर संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म में 25 जिलाें में कमांड सेंटर स्थापित किए गए हैं।
Created On :   11 May 2026 5:35 PM IST












