- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- खनिज टीम पर हमला कर वाहन छुड़ाने का...
Jabalpur News: खनिज टीम पर हमला कर वाहन छुड़ाने का मामला

डिजिटल डेस्क,सतना। खनिज अमले पर हमला कर पोकलिन मशीन समेत दो हाइवा छुड़ा ले जाने के मामले में रामपुर बाघेलान पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर भाजपा मंडल अध्यक्ष को पिता समेत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात को डेंगरहट में अवैध उत्खनन की शिकायत मिलने पर माइनिंग इंस्पेक्टर राकेश देशमुख ने अपनी टीम के साथ दबिश देते हुए पोकलिन मशीन और दो हाइवा जब्त कर लिए।
प्राथमिक कार्रवाई के बाद मशीन को वहीं सुरक्षार्थ खड़ा कराते हुए खनिज अमला दोनों हाइवा लेकर छिबौरा चौकी जा रहा था, मगर रास्ते में वाहन मालिक और छिबौरा भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह 32 वर्ष, निवासी देवमऊ-दलदल, ने पिता संतोष सिंह 62 वर्ष और 4-5 अन्य के साथ मिलकर स्कॉर्पियो सामने लगाते हुए टीम को रोक लिया। आरोपियों ने झूमाझटकी करते हुए वाहन छुड़ा लिए और फरार हो गए।
गंभीर धाराओं में दर्ज है अपराध
इस घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 121 (1), 126 (2), 132, 238बी और 310 (2) के तहत कायमी कर चौबीस घंटे के भीतर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के साथ छुड़ाए गए वाहन जब्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Created On :   11 May 2026 6:06 PM IST












