- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मानसून आने के 36 दिन पहले तक बांध...
Jabalpur News: मानसून आने के 36 दिन पहले तक बांध में बचा 26 फीसदी पानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून 15 जून तक सक्रिय होता है। इसी तरह बरगी बांध के जिन 9 स्टेशन से पानी आकर जमा होता है, वहां भी मानसून का पानी जून मध्य से आकर जमा होने लगता है। बारिश से पहले बीते सालों के मुकाबले इस बार बांध में पानी कम है। मानसून सक्रिय होने के ठीक 36 दिन पहले तक शुक्रवार की शाम बांध का जल स्तर 411.45 मीटर रहा। जो कि 26 फीसदी है और बीते साल इसी दिन तक बांध का जल स्तर 413.30 मीटर रहा, जो 34 प्रतिशत था।
इस तरह पिछले साल के मुकाबले बांध में पानी 8 फीसदी कम है। बांध का जल स्तर इस बार ज्यादा नीचे जाने की संभावना है। मेंटेनेंस वर्क के चलते बांध से इस वक्त ज्यादा मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। नर्मदा में इस समय 192 घन मीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है।
इस गति से पानी आने पर अभी नर्मदा के घाटों में ऊपर तक पानी है। आमतौर पर इन दिनों में नर्मदा का जल स्तर कम होता है। बांध का जल प्रबंधन देखने वाले राजा राम रोहित के अनुसार बांध में पानी की कमी नहीं है। अभी दोनों टरबाइन चलने पर विद्युत उत्पादन के बाद ज्यादा गति से पानी नदी में जा रहा है।
बांध के सीपेज से लीकेज अब कम हुआ
इधर बांध की गैलरी के ब्लॉक में जो सीपेज सुधार किया गया है, उसी के चलते जल स्तर को नीचे लाया जा रहा है। बांध का जल स्तर इन गर्मियों में 407 मीटर की सीमा तक लाया जाएगा। बांध का सीपेज अब 800 लीटर मीटर प्रति मिनट से घटकर 64 लीटर प्रति मिनट पर आ गया है। जानकारों का कहना है कि यह सुधार अभी अस्थाई है, इसको अगले दो माह में पूरी तरह से मरम्मत कर ठीक किया जाएगा। फिलहाल बांध से होने वाला सीपेज अब घट चुका है।
एक नजर इस पर
बांध का उच्चतम जल स्तर - 422.76
वर्तमान जल का स्तर - 411.45
बीते साल इसी दिन तक - 413.30
बांध का न्यूनतम जल स्तर - 403.55
(सभी जल स्तर मीटर में )
Created On :   11 May 2026 5:08 PM IST












