Jabalpur News: कोलेस्ट्रॉल होने का हवाला देकर बीमित को नहीं दिया बीमा क्लेम

कोलेस्ट्रॉल होने का हवाला देकर बीमित को नहीं दिया बीमा क्लेम
पीड़ित का आरोप: आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के जिम्मेदार कर रहे हमारे साथ गोलमाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सालों पुरानी पॉलिसी होने के बाद भी बीमितों को इलाज के दौरान अस्पताल में कैशलेस नहीं किया जा रहा है और बिल सबमिट करने पर अनेक प्रकार की खामियां निकालकर नो क्लेम कर दिया जाता है। परेशान होकर बीमितों को कंज्यूमर कोर्ट में केस लगाना पड़ रहा है। ऐसी ही शिकायत पश्चिम बंगाल कोलकाता बैद्यवाती निवासी श्याम मुखोपाध्याय ने की है।

उन्होंने आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से पॉलिसी कराई है और पॉलिसी क्रमांक 1122685140917 का प्रीमियम समय पर देते आ रहे हैं। बीमार होने पर वे निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्होंने बीमा कंपनी में कैशलेस के लिए मेल कराया था पर क्लेम डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने अनेक प्रकार की क्वेरी निकाली, जिसका जवाब बीमित की तरफ से अस्पताल प्रबंधन ने दिया पर उन्होंने कैशलेस रिजेक्ट कर दिया।

बीमित ने इलाज के बाद सारे बिल जमा किए तो वहां से जल्द भुगतान का वादा किया गया था। बीमित लगातार संपर्क करता रहा पर उन्हें आज तक इलाज का भुगतान प्राप्त नहीं हो सका। उन्हें बाद में यह कहते हुए क्लेम देने से इनकार कर दिया गया कि आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है। बीमित का आरोप है कि उसके साथ गोलमाल किया गया है। वहीं कंपनी प्रवक्ता से इस संबंध में संपर्क किया गया पर जिम्मेदार अधिकारी का पक्ष नहीं मिल सका।

इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएं

स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर - 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं।

Created On :   16 May 2026 2:07 PM IST

Tags

Next Story