Jabalpur News: गुणवत्ताविहीन केबल हीट होकर जल रही, शाॅर्ट होने के बाद घंटों की कटौती

भीषण गर्मी में उपभोक्ता हो रहे परेशान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। भीषण गर्मी के कारण विद्युत केबलों के आपस में चिपकने और शाॅर्ट सर्किट होने से बिजली आपूत्ति में भारी व्यवधान आ रहा है। बढ़ते तापमान के साथ ही अत्यधिक भार के कारण केबल हीट होकर खराब हो रही हैं और शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अघोषित कटौती हो रही है। भीषण गर्मी में उपभोक्ता भी परेशान हो रहे हैं। वहीं फील्ड में काम कर रहा विद्युत अमला भी परेशान हो रहा है, चूंकि केबलों की खरीदी काॅरपोरेट स्तर पर की जा रही है। जहां पदस्थ जिम्मेदार बिना परीक्षण के ही केबल की खरीदी में जुटे हुए हैं।

आईपीडीएस योजना

बताया जाता है कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को आईपीडीएस योजना के तहत 15161 करोड़ रुपए मिले हैं और इस राशि से बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी है पर उसे सुधारने की बजाय सौभाग्य योजना के तहत बिजली ढांचे का जिस तरह विकास हुआ है ठीक उसी तरह बंदरबांट करने में जिम्मेदार जुटे हुए हैं।

रोज लग रही आग

बताया जाता है कि गुणवत्ता विहीन केबलों के गर्म होने के कारण वे आपस में चिपक रही हैं, जिससे बार-बार शाॅर्ट सर्किट के साथ ट्रांसफाॅर्मर व केबलों में आग लगने की घटनाएं हो रही हैं।

घंटों हो रही बिजली बंद

बताया जाता है कि केबलों के जलने से घंटों बिजली बंद रखी जा रही है। विजय नगर, गढ़ा, अधारताल, बिलहरी, तिलहरी, घमापुर, भानतलैया, रिछाई, मनेरी, बरेला, गौर सहित अनेक क्षेत्र ऐसे हैं। जहां रोजाना अघोषित कटौती का खेल जारी है।

यहां हो रही बार-बार ट्रिपिंग

औद्योगिक क्षेत्र उमरिया-डुंगरिया, रिछाई के साथ ही मनेरी में सबसे ज्यादा प्लांट लगे हुए हैं। यहां से पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को सर्वाधिक राजस्व मिलता है, उसके बाद भी यहां पर बिजली की ट्रिपिंग बार-बार हो रही है।

केबल किन कारणों से जल रही है उसका परीक्षण कराया जा रहा है। बिजली किन कारणों से बंद हो रही है या फिर बंद की गई है उसकी लगातार माॅनिटरिंग की जा रही है।

-एसके गिरिया, मुख्य अभियंता जबलपुर रीजन

Created On :   16 May 2026 6:38 PM IST

Tags

Next Story