Jabalpur News: परमिट दूसरे शहर का, बसों का संचालन जबलपुर से, जिम्मेदारों की मिलीभगत से चल रहा गोरखधंधा

परमिट दूसरे शहर का, बसों का संचालन जबलपुर से, जिम्मेदारों की मिलीभगत से चल रहा गोरखधंधा
यात्री बसों को लेकर बनाए गए परमिट नियमों की सरेआम उड़ाई जा रहीं धज्जियां

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। किसी भी यात्री या माल वाहक के संचालन के लिए सबसे जरूरी दस्तावेज होता है परमिट, खासकर यात्री बसों के लिए। इनमें परमिट बसों के रूट का निर्धारण, समय, सुरक्षा के साथ अन्य सभी महत्वपूर्ण चीजें शामिल होती हैं। इस नियम की अनदेखी करने पर परिवहन विभाग बड़ा जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई कर सकता है, लेकिन जबलपुर में कुछ बस ऑपरेटर्स परमिट नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिसमें दूसरे शहरों के परमिट की बसें जबलपुर से संचालित की जा रही हैं।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में कुछ सड़क दुर्घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में यह बात सामने आई और जांच प्रतिवेदन परिवहन विभाग तक भी पहुंचे, लेकिन अंतत: लीपापोती करके मामले को दबा दिया गया।

क्या कहते हैं नियम

जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग के फ्लाइंग स्क्वाॅड हाईवे के साथ शहरी क्षेत्रों में भी यात्री बसों के परमिट और सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच समय-समय पर करते हैं। परिवहन मंत्रालय से जारी गाइडलाइन में किसी भी यात्री बस के संचालन में स्टेट कैरिज परमिट नियम सबसे अहम माना गया है। स्टेज कैरिज परमिट ऐसा आधिकारिक लाइसेंस है, जो एक मोटर वाहन (आमतौर पर बस) को पूर्व-निर्धारित समय-सारणी, मार्गों और स्टॉप पर यात्रियों को ले जाने की अनुमति देता है।

यह वाहन सार्वजनिक परिवहन के अंतर्गत आता है और प्रति सीट किराया लेता है। यह मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 72 के तहत जारी एक प्रकार का परमिट है, जिसके तहत बसें निर्धारित स्टॉप के साथ तय रूट पर चलती हैं। इसमें सिटी बसें, सरकारी-निजी बसें जो एक शहर से दूसरे शहर (इंटारसिटी) चलती हैं।

इस परमिट पर बसें केवल परमिट में निर्धारित मार्ग पर ही चलाई जा सकती हैं। बिना परमिट बस चलाने पर प्रति सीट एक हजार रुपए तक का भारी जुर्माना और जब्ती हो सकती है। परमिट के लिए फिटनेस, बीमा, पीयूसी और टैक्स जमा होना जरूरी है।

यात्री बसों के संचालन में परमिट नियमों का उल्लंघन गैरकानूनी है, स्टेज कैरिज नियम के तहत यात्री बसें निर्धारित रूट पर ही संचालित की जाती हैं, जिसको लेकर हमारे विभाग के उड़न दस्ते समय-समय पर चेकिंग भी करते हैं, अगर दूसरे रूट के परमिट की बसों का संचालन जबलपुर से हो रहा है, तो यह गलत है, इसकी जांच कराई जाएगी।

रिंकू शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी

Created On :   5 May 2026 5:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story