Jabalpur News: पाइप डालकर पूर दी मिट्टी, चंद घंटों की बारिश ने मुसीबत बढ़ाई

पाइप डालकर पूर दी मिट्टी, चंद घंटों की बारिश ने मुसीबत बढ़ाई
  • पूरा रास्ता कीचड़ में हुआ तब्दील, फिसल रहे वाहन
  • निवाड़गंज नारियल वाली गली के सामने समस्या गंभीर, अतिक्रमण से संकरा हुआ रास्ता, हो रहे हादसे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में कई जगह चल रहे अनियोजित निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। नगर निगम की अनदेखी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। इसकी बानगी निवाड़गंज मुख्य मार्ग पर नारियल वाली गली में देखी जा सकती है। यहां पानी निकासी के लिए सड़क को खोदकर पाइप डालने का कार्य किया गया, लेकिन यह कार्य अब व्यापारियों और नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि नगर निगम द्वारा यहां पानी निकासी के लिए सड़क की खुदाई कर पाइप डाला गया था। पाइप डालने के बाद खोदे गए गड्ढे और पाइप को मिट्टी डालकर पूर दिया गया, जिससे सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई और यहां से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। बीती रात हुई बारिश के बाद लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ हो गया। खासतौर पर दोपहिया वाहन लेकर निकल रहे लोगों के वाहन कीचड़ में फिसल रहे हैं, जिससे कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। यहां से निकलने वाले राहगीरों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। लोगांे का कहना है कि शिकायत के बाद भी सड़क को सुधारने का कार्य नहीं किया जा रहा है।

नागरिकों ने कहा- जल्द किया जाए सुधार

निवाड़गंज क्षेत्र शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां दिन भर लोग खरीददारी करने के लिए आते हैं। फुटकर और थोक व्यापारियों की दुकानों में माल लेकर आने वाले वाहनों की भी दिन भर आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क खराब हो जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों ने नगर निगम से जल्द सुधार कर सड़क को मोटरेबल करने की मांग की है। निगम की बेरूखी कई सवाल खड़े कर रही है।

री-स्टोरेशन करने का है नियम

जानकारों का कहना है कि राज्य सरकार ने निर्माण कार्य करने के लिए नियम बनाए हैं। नियम के अनुसार पाइप डालने के लिए खोदी गई सड़क का काम समाप्त होने के बाद तुरंत री-स्टोरेशन किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद भी इस नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निवाड़गंज नारियल वाली गली में पानी निकासी के लिए सड़क के नीचे से पाइप डालने का कार्य किया गया है। बारिश के कारण कीचड़ होने की जानकारी संज्ञान में आई है। जल्द ही खोदी गई सड़क को मोटरेबल कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

- संदीप पांडेय, संभागीय यंत्री, नगर निगम

Created On :   21 March 2026 4:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story