- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- विद्युत खंभों के पास ही तारों के...
Jabalpur News: विद्युत खंभों के पास ही तारों के मकड़जाल खराब इंसुलेटर खोल रहे मेंटेनेंस की पोल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शॉर्ट सर्किट कई गंभीर हादसों का कारण बन रहा है, लेकिन खुद बिजली विभाग इससे बेपरवाह नजर आ रहा है। बड़ा फुहारा, मुकादमगंज, सुपर मार्केट, अंधेरदेव, गंजीपुरा समेत सघन बसाहट वाले कई व्यावसायिक क्षेत्रों में बिजली के खंभों के पास ही तारों के मकड़जाल नजर आ रहे हैं।
एक खम्भे से कई घरों और दुकानों के कनेक्शन होने, साथ ही इंटरनेट और केबल टीवी के तारों के इसमें उलझने से शॉर्ट सर्किट का खतरा हमेशा बना रहता है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि बिजली के तारों के अतिरिक्त केबल को अलग करने के लिए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा आज तक सख्त कदम नहीं उठाए गए।
पूर्व में इससे कई हादसे भी हो चुके हैं। इसके अलावा मेंटेनेंस में लापरवाही के कारण असमय बिजली गुल हाे रही है और इससे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से बिजली बिल करोड़ों में आता है, उसके बाद भी उपभोक्ताओं की सुविधा शून्य है। यहां तक कि पुरानी संरचनाओं वाली लाइन को दुरुस्त करने के लिए आरडीएसएस योजना के तहत पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 34 सौ करोड़ रुपए का बजट है, उसके बाद भी बुनियादी संरचना में आज भी बिजली व्यवस्था संचालित हो रही है।
गर्मी के दिनों में बढ़ता लोड
गर्मी के दिनों में घरों व व्यावसायिक उपभोक्ताओं के द्वारा अधिक बिजली का उपयोग किया जाता है। पोल से अत्यधिक कनेक्शन होने पर तारों पर दबाव बढ़ता है, जिससे वे गर्म होकर पिघल जाते हैं और इसी कारण अधिक अग्नि हादसे होते हैं।
इसके अलावा एक ही ट्रांसफाॅर्मर से अधिक कनेक्शन होने से क्षमता से अधिक लोड बढ़ता है और उसके कारण भी चिंगारियां निकलने लगती हैं। इंदौर में शॉर्ट सर्किट ही बड़े व गंभीर हादसे का कारण बना, इसके बावजूद जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं।
प्लास्टिक रबर गर्म होते ही सुलगती है
जानकारों का कहना है कि इंसुलेटर के दोनों ओर प्लास्टिक रबर होती है। धूल और नमी के कारण रबर खराब हो जाती है। रबर खराब होने से इंसुलेटर गर्म होने लगते हैं और उससे भी आग भड़क जाती है। यहां तक कि धू-धू कर ये जलने लगते हैं। खम्भों में लगे जंक्शन बॉक्स या कट पाॅइंट्स पर ढीले तारों के कारण चिंगारी निकलती है और इसके कारण भी आग लगने का खतरा बना रहता है।
इसके पीछे मेंटेनेंस में लापरवाही प्रमुख कारण बिजली विशेषज्ञों द्वारा बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह के तारों को अविलंब हटाया जाना चाहिए।
उपभोक्ताओं की संख्या संभागवार
पूर्व संभाग 69247
दक्षिण संभाग 111659
उत्तर संभाग 88505
विजय नगर 69000
पश्चिम संभाग 59617
Created On :   21 March 2026 4:39 PM IST












