Jabalpur News: 10वीं का 80 और 12वीं का 83 फीसदी रहा परीक्षा परिणाम

10वीं का 80 और 12वीं का 83 फीसदी रहा परीक्षा परिणाम
माशिमं द्वारा हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा का रिजल्ट घोषित, पिछले साल की तुलना में 10-10 प्रतिशत बढ़े परिणाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए। परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में बेहतर रहे। जिले और संभाग के छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में भी स्थान बनाया। जिले में दसवीं कक्षा का परिणाम 80.59 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल 70.45 प्रतिशत था।

वहीं 12वीं कक्षा का परिणाम 83.68 रहा, जो पिछले साल 73.81 फीसदी रहा। जबलपुर संभाग की बात की जाए तो परिणाम 86.67 प्रतिशत रहा, जो कि प्रदेश के औसत परिणाम 76.01 से 10 प्रतिशत अधिक रहा।

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग अरुण कुमार इंगले द्वारा जारी किए गए वक्तव्य में बताया गया कि संभाग के 24 परीक्षार्थियों ने राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया। जबलपुर जिले में दसवीं और बारहवीं दोनों ही कक्षाओं के परिणाम 80 फीसदी से अधिक रहे।

हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणाम में संभाग के नरसिंहपुर जिले के शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 93.94 प्रतिशत रहा। इसके बाद कमशः मण्डला, बालाघाट, डिण्डौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी और कटनी रहे। संभाग के डिण्डौरी जिले को छोड़कर शेष समस्त जिलों के शासकीय विद्यालयों का रिजल्ट अशासकीय विद्यालयों से बेहतर रहा।

10वीं के 91 विद्यार्थी मेरिट में

हाई स्कूल में भी शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। राज्य की शासकीय शालाओं का परीक्षाफल 76.80 की तुलना में जबलपुर संभाग का परीक्षाफल 85.44 प्रतिशत रहा। संभाग के 91 परीक्षार्थियों ने राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया

सरकारी और प्राइवेट का अलग-अलग रहा औसत

जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी द्वारा उपलब्ब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश का औसत परिणाम 73.42 प्रतिशत रहा, जबकि जिले का 73.86, इसमें सरकारी स्कूलों का 80.59 और प्राइवेट स्कूलों का 68.23 फीसदी परिणाम रहा, जिले के 6 विद्यार्थियों ने प्रवीण्य सूची में जगह बनाई।

वहीं हायर सेकेंडरी में प्रदेश का परिणाम 76.01, जिले का 77.26, शासकीय स्कूलों का 83.68 और प्राइवेट स्कूलों का परिणाम 72.19 रहा। इसमें जिले के 5 विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया। देर रात तक छात्र-छात्राओं का तुलनात्मक परिणाम जारी नहीं किया गया था।

मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों का सम्मान आज

कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में राज्य स्तरीय मेरिट सूची एवं जिला स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के विद्यार्थियों का कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा सम्मान किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के सम्मान समारोह गुरुवार 16 अप्रैल को सुबह 11 बजे शासकीय मॉडल स्कूल के वर्चुअल हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के समस्त मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Created On :   16 April 2026 3:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story