- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शहर में लोगों को पूरी रात रुलाता...
Jabalpur News: शहर में लोगों को पूरी रात रुलाता रहा बिजली सिस्टम वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बाद भी नहीं हुआ सुधार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्री-मानसून की पहली जोरदार बारिश और आंधी के कारण पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई क्षेत्रों में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी सुधार नहीं हो पाया और दोपहर बाद कुछ जगहों पर ही सप्लाई बहाल हो सकी। कई इलाकों में बिजली कर्मियों के साथ ब्लैकआउट के दौरान उपभोक्ताओं के द्वारा अभद्रता किए जाने की भी शिकायत सामने आई है।
बताया जाता है कि शहर के ग्वारीघाट, धनवंतरि नगर, सिविक सेंटर, बड़ा फुहारा, छोटा फुहारा, बल्देवबाग, उखरी, त्रिमूर्ति नगर, अधारताल, न्यू रामनगर, महाराजपुर, जगदम्बा नगर, घमापुर, रांझी, विजय नगर, बिलहरी, तिलहरी, गोराबाजार, सिविल लाइन सहित अनेक स्थानों पर मंगलवार की दोपहर बाद से ब्लैकआउट का माहौल निर्मित हो गया। यह स्थिति पूरी रात बनी रही। बिजली आ और जा रही थी। कई क्षेत्रों में दोपहर बारह बजे के बाद बिजली चालू हो सकी। वहीं मढ़ाताल सब स्टेशन पर रात में गंभीर स्थिति निर्मित हो गई थी। वहां मौजूद पुलिस बल ने लोगों को शांत कराया।
लोग सब स्टेशन पहुंचे तो नहीं मिले अधिकारी
ग्रामीणों का कहना है कि बरेला, भेड़ाघाट, बरगी, पनागर के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बाद भी बिजली सप्लाई सुचारु रूप से शुरू नहीं हो सकी, जिसके चलते ग्रामीणों में बिजली विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध आक्रोश बना हुआ है। कई उपभोक्ता सब स्टेशन पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें कोई भी अधिकारी-कर्मचारी नहीं मिले।
यहां हुए बड़े फाॅल्ट
बताया जाता है कि 11 केवी व 33 केवी की लाइनों को अधिक नुकसान हुआ है। बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त होने के कारण सुधार कार्य करने में काफी समय लगा, जिसके कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
शत-प्रतिशत निराकरण का दावा
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों का दावा है कि 1912 में 24 हजार 124 शिकायतें आई थीं। वहीं इनमें 12 हजार 624 शिकायतों का निराकरण करने का दावा किया गया है।
शहर के कई क्षेत्रों से पेड़ गिरने की शिकायतें हुईं दर्ज
मंगलवार को हुई प्री-मानसून की बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। बुधवार को नगर निगम फायर ब्रिगेड और उद्यान विभाग में लोगों ने पेड़ गिरने की शिकायतें दर्ज कराईं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि फूटाताल दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले लकी सोनी के घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ का तना गिर गया।
इसी तरह गुलाब सिंह वार्ड में सुप्तेश्वर मंदिर के पास रहने वाले अरमॉन जोसफ के घर के पास लगे गुलमोहर के पेड़ की डगाल टूटकर घर की छत पर लगी शीट पर गिर गई।
वहीं तिलहरी क्षेत्र में भी एक पेड़ गिरने की घटना सामने आई। फायर ब्रिगेड और उद्यान विभाग की टीमों ने मौके पर जाकर पेड़ को हटाया। पेड़ गिरने की इन घटनाओं में किसी प्रकार के नुकसान और जनहानि की खबर नहीं है।
Created On :   11 Jun 2026 4:08 PM IST










