Jabalpur News: अप्रैल में नया सत्र, मई में दूसरी परीक्षा, मतलब शिक्षकों को नहीं मिल पाएगी गर्मी की छुट्टी

अप्रैल में नया सत्र, मई में दूसरी परीक्षा, मतलब शिक्षकों को नहीं मिल पाएगी गर्मी की छुट्टी
हर समय पढ़ाई के साथ कोई न कोई दूसरा कार्य भी कराया गया, जून में स्कूल चालू हो जाएंगे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शैक्षणिक कैलेण्डर की व्यस्तता के चलते शिक्षकों में इन दिनों भारी आक्रोश है। फरवरी से मार्च तक चली परीक्षाओं के बाद अप्रैल में नया शिक्षण सत्र शुरू हो गया और यह माह समाप्त होगा, तो मई में 10वीं और 12वीं कक्षा की दूसरी परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इस दौरान जनगणना सहित अन्य कार्य भी करने होंगे और जून के तीसरे सप्ताह से स्कूल चालू भी हो जाएंगे। ऐसे में शिक्षकों को गर्मी की छुट्टियां नहीं मिल पाएंगी।

10वीं और 12वीं बोर्ड की द्वितीय परीक्षा 7 मई से

माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी माह से शुरू हुई थीं और मार्च माह के पहले सप्ताह में समाप्त हुई थीं। द्वितीय यानी दूसरी परीक्षा का टाइम-टेबल भी जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार दोनों ही कक्षाओं की परीक्षा 7 मई से शुरू होगी और हर रोज पेपर होंगे। इसमें गेप केवल रविवार का ही दिया गया है।

शिक्षकों का कहना है कि उनसे लगातार कार्य कराया जाता है और अवकाश के दिनों में भी वे कभी कॉपी जांचते हैं, तो कभी एसआईआर का कार्य करते हैं। इन दिनों भी हजारों शिक्षक जनगणना के कार्य में जुटे हुए हैं। ऐसे में शिक्षकों को गर्मी का अवकाश नहीं मिलेगा जिससे वे खफा हैं।

पहले दो माह का मिलता था अवकाश

शिक्षकों ने बताया कि पहले सभी स्कूलों में मार्च में परीक्षा हो जाती थी और अप्रैल में कॉपियां जांची जाती थीं, जिसके बाद मई और जून में अवकाश होते थे। 1 जुलाई से स्कूल खुलते थे। इसके लिए कुछ दिन पहले शिक्षक खुद ही जाकर स्कूलों की साफ-सफाई करवा लेते थे, अब तो शिक्षकाें को गर्मी की छुट्टी ही नहीं मिल पाती।

Created On :   15 April 2026 4:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story