- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अघोषित बिजली कटौती से बघराजी...
बघराजी न्यूज: अघोषित बिजली कटौती से बघराजी क्षेत्र के लोग परेशान

डिजिटल डेस्क बघराजी। बघराजी वितरण केंद्र अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लोड शेडिंग से नागरिक परेशान हैं। लोगों के अनुसार बिना पूर्व सूचना के दिन में कई-कई घंटे बिजली बंद रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पानी की टंकियां नहीं भर पा रही हैं। वहीं बिजली पर निर्भर दुकानदारों, वर्कशॉप संचालकों और छोटे उद्योगों को भी काम प्रभावित होने के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच बुजुर्गों, बच्चों सहित आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिक हर्ष नामदेव ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों, स्थानीय स्तर पर संबंधित कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि यदि रखरखाव या तकनीकी कारणों से बिजली बंद करना आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए।
नागरिकों ने मांग की है कि अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए तथा जर्जर तारों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और बार-बार होने वाले फॉल्ट की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही रखरखाव के दौरान प्रस्तावित बिजली कटौती की सूचना पहले से जारी करने की मांग की गई है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे विद्युत विभाग के कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे।
Created On :   19 Sept 2026 7:25 PM IST












