कोतमा न्यूज: फुलवारी टोला में दर्दनाक सड़क हादसा, 11वीं के छात्र की मौत..!

फुलवारी टोला में दर्दनाक सड़क हादसा, 11वीं के छात्र की मौत..!
पिकअप और ट्रांसपोर्टिंग वाहन के बीच उलझी हादसे की गुत्थी—दो साथी गंभीर, शव सड़क पर रखकर करीब 4 घंटे चक्काजाम।

डिजिटल डेस्क कोतमा/ कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के फुलवारी टोला मुख्य सड़क पर 7 अक्टूबर को सुबह करीब 10:45 बजे बाइक सवार 11वीं कक्षा के छात्र ललित केवट की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हर्री निवासी ललित केवट अपने साथियों सागर केवट और गणेश उपाध्याय के साथ बाइक से मंगला शासकीय विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान आमाडाड़ की ओर से आ रहे वाहन की टक्कर से हादसा हो गया। घटना में पिकअप और ट्रांसपोर्टिंग वाहन की भूमिका को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, जिससे दुर्घटना की गुत्थी और पेचीदा हो गई है।

हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने आमाडाड़–मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। कोयला परिवहन सहित बड़े वाहनों की आवाजाही रोककर दोषी वाहन चालक और मालिक के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।

सूचना मिलते ही एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य, रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक, रामनगर पुलिस, बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं नायब तहसीलदार बिजुरी एवं नायब तहसीलदार आमाडाड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब चार घंटे बाद शव को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी भेजा गया और चक्काजाम समाप्त हुआ। नायब तहसीलदार आमाडाड़ ने शासन की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।

रामनगर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि आखिर ललित की जान लेने वाली टक्कर किस वाहन से हुई और हादसे के बाद कौन वाहन मौके से फरार हुआ।


Created On :   7 Oct 2026 4:16 PM IST

Tags

Next Story