कोतमा न्यूज: 15 घंटे बाद मिला किशोर का शव

15 घंटे बाद मिला किशोर का शव
केवई नदी में दोस्तों के साथ नहाने के दौरान रील बनाने गया था 15 वर्षीय अभिषेक, रातभर चला रेस्क्यू अभियान

डिजिटल डेस्क कोतमा। शनिवार 19 सितंबर को दोस्तों के साथ केवई नदी में रील बनाने और नहाने गए 15 वर्षीय किशोर अभिषेक उर्फ गोलू पाटस्कर का शव करीब 15 घंटे बाद रविवार सुबह नदी से बरामद किया गया। शनिवार को प्रशासन, पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोरों ने करीब सात घंटे तक लगातार तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात करीब 12 बजे तक सर्चिंग अभियान चलाने के बाद अंधेरा होने के कारण तलाश रोक दिया गया । रविवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और घटनास्थल से कुछ दूरी पर करीब एक घंटे के भीतर किशोर का शव बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 6 निवासी अभिषेक पाटस्कर पिता माधव पाटस्कर, उम्र 15 वर्ष, कक्षा 10वीं का छात्र था। शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद वह बनियाटोला निवासी अपने दोस्तों मोहसिन रजा और अयाज अंसारी के साथ केवई नदी की ओर गया था। बताया गया कि तीनों नदी किनारे चट्टान से कूदकर नहाने के साथ मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे अभिषेक गहरे पानी की ओर कूदा और तेज बहाव में बह गया।

घटना के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन, पुलिस-प्रशासन और बड़ी संख्या में नगरवासी मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर किशोर की तलाश शुरू की। करीब सात घंटे तक सर्चिंग के बाद भी शव का पता नहीं चल सका। रात में करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में नदी के गहरे पानी में भी तलाश की गई।

अंधेरे में भी जारी रहा सर्च अभियान

नगर पालिका द्वारा रात में रेस्क्यू अभियान के लिए लाइट, जनरेटर, जाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। स्थानीय गोताखोरों के अनुसार लहसुई रपटा के पास केवई नदी का यह हिस्सा काफी गहरा और खोह नुमा है। जिसके कारण रेस्क्यू मे दिक्कत हो रही थी।

पुत्र के नदी मे डूब जाने से परिजन मौके पर उपस्थित रहे जहां उनका परिवार रोता बिलखता रहा।

कोतमा मे एकता की मिसाल कायम करते हुए स्थानीय लोग मदद मे जुटे रहे वहीं मुस्लिम युवकों ने अंधेरे मे नदी मे तैरते हुए घंटो रेस्क्यू मे युवक की बाडी का पानी मे तलाश करने मे जुटे रहे।

मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अजय कुमार सराफ यस डी यम टी आर नाग यस डी ओ पी आरती शाक्य तहसीलदार दशरथ सिंह थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल सी यम ओ नीलम सिंह चौहान सहित पुलिस कर्मियों एवं नगर पालिका कर्मचारी व्यवस्था बनाने मे जुटे रहे। प्रशासन के द्वारा एम्बुलेंस एवं शव वाहन को रात मे ही घटना स्थल के पास खड़ा करवाया गया था। सुबह शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पी एम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।


Created On :   20 Sept 2026 5:36 PM IST

Tags

Next Story