Kotma news: कोतमा के पंचायती मंदिर में आज होगा महालक्ष्मी और नारायण का विशेष शृंगार

डिजिटल न्यूज़ कोतमा
अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के ह्रदय स्थल में स्थित प्राचीन पंचायती मंदिर में दीपावली और प्रतिपदा (पड़वा) के अवसर पर आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलता है। मंदिर में विराजमान भगवान श्री लक्ष्मी नारायण जी की अति प्राचीन और भव्य प्रतिमा के दर्शनों के लिए दीपावली के दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। दीपावली की रात महालक्ष्मी और भगवान नारायण की विशेष पूजा-अर्चना की जायेगी, जहाँ सैकड़ों श्रद्धालुओं के द्वारा घी और तेल के दीपक जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
जयपुर से लाकर स्थापित की गई थी भव्य प्रतिमा -
पंचायती मंदिर के पुजारी कुंज बिहारी मिश्रा ने मंदिर के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मंदिर में स्थापित भगवान लक्ष्मी नारायण की कमल पर विराजमान यह अलौकिक प्रतिमा राजस्थान के जयपुर से विशेष रूप से नगर के लोगों के द्वारा मंगवाकर स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा की नक्काशी और आभा इतनी दिव्य है कि जो भी श्रद्धालु यहाँ आता है, वह भावविभोर हो जाता है। वर्षों से यह मंदिर कोतमा और आसपास के अंचल के लोगों के लिए गहरी आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
56 भोग के साथ लगेगा अन्नकूट का महाप्रसाद -
दीपावली के अगले दिन सोमवार को मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है। पुजारी कुंज बिहारी मिश्रा के सानिध्य में भगवान लक्ष्मी नारायण को 56 प्रकार के व्यंजनों (छप्पन भोग) का महाप्रसाद अर्पित किया जायेगा। भगवान के इस दिव्य छप्पन भोग स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटेगी । महाआरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाता है । दीपावली से शुरू यह धार्मिक उत्सव पूरे नगर में आकर्षण और भक्तिमय माहौल का केंद्र बना रहेगा।
Created On :  
