मंत्रिमंडल बैठक: बारिश कम होने के कारण फसल नुकसान का होगा सर्वेक्षण, गणेशभक्तों के कोकण जाने वाले वाहनों को 17 दिन टोलमाफी

बारिश कम होने के कारण फसल नुकसान का होगा सर्वेक्षण, गणेशभक्तों के कोकण जाने वाले वाहनों को 17 दिन टोलमाफी
  • कैवल्यधाम योग सेंटर की जमीन का लीज नवीनीकरण, संस्था का हर साल देना पड़ेगा केवल 12 रुपए
  • चेंबूर के भिक्खू संघ संस्था को जमीन देने की मंजूरी

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारिश में अंतराल के कारण फसलों का हुए नुकसान को लेकर सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन की फसलों और जलाशयों में जलभंडारण की स्थिति का जायजा लिया। प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कई जिलों मंर बारिश में काफी अंतराल हो गया है। इससे मुख्यमंत्री ने फसलों का हुए नुकसान को लेकर सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। बावनकुले ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के जलसंसाधन विभाग के जलाशयों में उपलब्ध पानी का इस्तेमाल साल भर करने के लिए योजना बनाने के निर्देश भी दिए हैं।

गणेशभक्तों के कोकण जाने वाले वाहनों को 17 दिन टोलमाफी

गणेशोत्सव के लिए कोकण जाने वाले गणेशभक्तों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक कोकण जाने वाले वाहनों को चुनिंदा मार्गों पर टोल से छूट मिलेगी। यह सुविधा मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय महामार्ग-48, मुंबई-गोवा राष्ट्रीय महामार्ग-66 तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के अंतर्गत आने वाले संबंधित मार्गों पर लागू होगी। अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावा शेवा अटल सेतु से कोकण जाने वाले वाहनों को भी टोलमाफी मिलेगी। सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंह राजे भोंसले ने बताया कि गणेशभक्तों के लिए ‘गणेशोत्सव 2026 कोकण दर्शन’ नाम से विशेष पास या स्टिकर की व्यवस्था की जाएगी। पास पर वाहन नंबर और चालक का नाम दर्ज होगा तथा यह वापसी यात्रा के लिए भी मान्य रहेगा। एसटी बसों को भी टोल माफी का लाभ मिलेगा।

कैवल्यधाम योग सेंटर की जमीन का लीज नवीनीकरण, संस्था का हर साल देना पड़ेगा केवल 12 रुपए

मुंबई के भुलेश्वर स्थित कैवल्यधाम ईश्वरदास चुन्नीलाल योगिक सेंटर की जमीन का रियायती दर पर लीज के नवीनीकरण को राज्य मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। संस्था की जमीन का किराया करार खत्म हो गया था। इसके मद्देनजर मंत्रिमंडल ने अगले 30 साल के लिए वार्षिक 12 रुपए की दर पर लीज नवीनीकरण को स्वीकृति दी है। सरकार ने दावा किया है कि संस्था के जनहित के कार्यों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। कैवल्यधाम ईश्वरदास चुन्नीलाल योगिक सेंटर स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत है। यह संस्था योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा,आयुर्वेद का शिक्षा, प्रशिक्षण और उपचार सेवा प्रदान करती है। इस संस्था में वैज्ञानिक योग शोध, पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स और प्रतिदिन योग सत्र भी आयोजित किए जाते हैं।

चेंबूर के भिक्खू संघ संस्था को जमीन देने की मंजूरी

कुर्ला के चेंबूर स्थित भिक्खु संघ यूनायटेड बुद्धिस्ट मिशन संस्था को उनके कब्जे वाली 1 हजार 735 चौ.मी. जमीन देने को राज्य मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। यह संस्था सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यों के लिए जमीन का इस्तेमाल कर रही थी। संस्था का सार्वजनिक विश्वस्त व्यवस्था अंतर्गत पंजीयन है। संस्था जमीन का इस्तेमाल बच्चों के छात्रावास, किचन और धार्मिक कार्य के लिए करती है। संस्था ने जमीन को नियमानुकूल करने के लिए कोंकण विभागीय आयुक्त के जरिए आग्रह किया था। इसके तहत संस्था ने लीज पर नाममात्र दर से जमीन देने को मंजूरी दी है। प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि संस्था पिछले 30 सालों से जमीन देने की मांग कर रही थी। अब मंत्रिमंडल ने जमीन देने का फैसला लिया है।


Created On :   8 Sept 2026 9:01 PM IST

Tags

Next Story