संकल्प हुआ पूरा: फ्रांस में BAPS ने रचा इतिहास, महंत स्वामी महाराज ने की मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा, बुसी-सेंट-जॉर्जेस में वैदिक विधि से हुआ समारोह

फ्रांस में BAPS ने रचा इतिहास, महंत स्वामी महाराज ने की मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा, बुसी-सेंट-जॉर्जेस में वैदिक विधि से हुआ समारोह
  • 1970 में योगीजी महाराज ने देखा था मंदिर का सपना
  • पांच दशक बाद हुआ साकार
  • बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
  • बुसी-सेंट-जॉर्जेस में वैदिक विधि से हुआ समारोह

Bussy-Saint-Georges/ Paris News. फ्रांस में रविवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। BAPS के आध्यात्मिक प्रमुख परम पूज्य महंत स्वामी महाराज ने पेरिस के निकट बुसी-सेंट-जॉर्जेस में देश के प्रथम पारंपरिक हिंदू मंदिर BAPS स्वामिनारायण हिंदू मंदिर, पेरिस की प्राणप्रतिष्ठा वैदिक विधि से संपन्न की। फ्रांस और दुनियाभर के श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और शुभेच्छकों की वर्षों की सेवा और समर्पण से साकार हुआ यह मंदिर फ्रांस में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सुबह 6:45 से 9 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार और महापूजा के बीच महंत स्वामी महाराज ने मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों की प्राणप्रतिष्ठा की और प्रथम आरती उतारी। वेदोक्त विधि से श्री अक्षर-पुरुषोत्तम महाराज (भगवान श्री स्वामिनारायण और गुणातीतानंद स्वामी), भगवान श्री राधा-कृष्ण, भगवान श्री सीता-राम, श्री हनुमानजी और लक्ष्मणजी, भगवान शंकर-पार्वती, श्री गणेशजी और श्री कार्तिकेयजी, स्वामी श्री अयप्पाजी तथा भगवान श्री पद्मावती-वेंकटेश्वरजी के स्वरूपों की प्राणप्रतिष्ठा की गई।


पांच दशक पुराना संकल्प हुआ पूरा

यह समारोह पांच दशक से अधिक पुराने संकल्प की पूर्ति का भी साक्षी बना। वर्ष 1970 में परम पूज्य योगीजी महाराज ने पेरिस में मंदिर निर्माण के लिए आशीर्वाद दिया था। उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी परम पूज्य प्रमुखस्वामी महाराज ने इस संकल्प को आगे बढ़ाया और अंततः महंत स्वामी महाराज के मार्गदर्शन में यह सपना साकार हुआ।

समारोह के दौरान महंत स्वामी महाराज ने योगीजी महाराज को संबोधित अपना व्यक्तिगत पत्र पढ़कर उनके संकल्प को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वयं और प्रमुखस्वामी महाराज को गुरु की इच्छा पूरी करने का निमित्त बताते हुए मंदिर निर्माण से जुड़ी सभी सेवाएं योगीजी महाराज के चरणों में अर्पित कीं। उन्होंने मंदिर को बुसी-सेंट-जॉर्जेस के सांस्कृतिक परिदृश्य के लिए एक नवीन उपहार बताया।


विश्व शांति और फ्रांस की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना

प्राणप्रतिष्ठा के बाद महंत स्वामी महाराज ने फ्रांस के लोगों की सुख-समृद्धि और विश्व में शांति के लिए प्रार्थना की। आशीर्वचन में उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी सेवकों और सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने प्रमुखस्वामी महाराज के योगदान को स्मरण करते हुए सभी को श्रद्धा-भक्ति के साथ मंदिर का लाभ लेने और सेवा करने की प्रेरणा दी।


13 दिवसीय ‘फेस्टिवल ऑफ कल्चर’ का आयोजन

मंदिर के लोकार्पण के उपलक्ष्य में बुसी-सेंट-जॉर्जेस और पेरिस में 13 दिवसीय ‘फेस्टिवल ऑफ कल्चर’ (पेरिस मंदिर महोत्सव) आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत भक्तिमय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार शाम महानुभावों, आमंत्रित अतिथियों, स्वयंसेवकों और शुभेच्छकों की उपस्थिति में विशेष लोकार्पण सभा भी आयोजित की जाएगी।

Created On :   7 Sept 2026 7:20 PM IST

Tags

Next Story