मानसिक रोगी महिला ने दूसरी महिला की बर्तन से पीट-पीट कर दी हत्या

मानसिक रोगी महिला ने दूसरी महिला की बर्तन से पीट-पीट कर दी हत्या
  • एरोली के वृद्धाश्रम की दर्दनाक घटना
  • बाथरूम में छिप कर एक ने बचाई जान
  • महिला की बर्तन से पीट-पीट कर दी हत्या

डिजिटल डेस्क, नवी मुंबई। ऐरोली सेक्टर-4 स्थित एक वृद्धाश्रम में गहरी नींद में जब महिला खर्राटे मार रही थी तो उसी के बगल में सोने वाली मनोरोगी महिला ने खाने के बर्तन से पीट-पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया। इस हमले में उसकी मौत हो गई। आरोपी महिला के खिलाफ रबाले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है, लेकिन मानसिक रोगी होने के कारण उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। हालांकि इस वारदात को लेकर वृद्धाश्रम के कर्मचारियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर जिस वक्त यह हमला हुआ, उस दौरान आश्रम के कर्मचारी कहां पर और क्या कर रहे थे?

रबाले पुलिस स्टेशन की हद में एरोली सेक्टर-4 स्थित एक रो हाउस में स्वामी समर्थ सेवा संस्था का वृद्धाश्रम है, जहां पर मनोरोगियों को रखकर उनकी सेवा की जाती है। एक कमरे में तीन से चार महिलाओं के सोने की व्यवस्था होती है। 11 जून रविवार को एक कमरे में देर रात लगभग दो बजे बगल की पलंग पर सो रही दो महिलाओं पर एक 65 वर्षीय महिला ने खाने के बर्तन से हमला कर दिया। एक महिला स्वच्छता गृह में भाग गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन दूसरी 60 वर्षीय महिला गहरी नींद में होने के कारण जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी महिला ने उसके सिर पर कई बार थाली से प्रहार करके उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं घायलावस्था में उसे दांत से भी काटा।

रात भर लहूलुहान हालात में पड़ी रही

महिला रात भर लहूलुहान हालात में रूम के अंदर पड़ी रही, उसे उस दौरान कोई बचाने नहीं आया। इस घटना का पता तब चला जब वृद्धाश्रम की सेविका सुबह करीब साढ़े नौ बजे रूम में आई। आवाज सुनने के बाद स्वच्छता गृह में छिपी महिला बाहर निकलकर आई और उसने पूरे वारदात (घटना) की जानकारी दी। उसके द्वारा दी गई जानकारी के बाद गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Created On :   13 Jun 2023 12:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story