Mumbai News: मनपा चुनावः महाविकास आघाड़ी में टूट, मुंबई में कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव

मनपा चुनावः महाविकास आघाड़ी में टूट, मुंबई में कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने की घोषणा

Mumbai News प्रदेश के विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी की बृहन्मुंबई मनपा (बीएमसी) चुनाव में टूट हो गई है। मुंबई कांग्रेस बृहन्मुंबई मनपा (बीएमसी) का चुनाव अकेले लड़ेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तथा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने यह घोषणा कर दी है। इसके साथ ही कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव) के साथ संभावित गठबंधन को लेकर लगाई जा रही अकटलों पर विराम लग गया है। शनिवार को मुंबई कांग्रेस के राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई। मुंबई कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चेन्निथला ने कहा कि हमने साल 2024 के लोकसभा चुनाव और साल 2024 के विधानसभा चुनाव में महा

विकास आघाड़ी के सहयोगी दल शिवसेना (उद्धव) और राकांपा (शरद) के साथ मिलकर लड़ा था। लेकिन अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुंबई मनपा अकेले लड़ेगी। कांग्रेस ने मुंबई मनपा की सभी 227 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है। उल्लेखनीय है कि मुंबई मनपा चुनाव के लिए शिवसेना (उद्धव) ने मनसे के गठबंधन करने का फैसला लिया है। इसलिए कांग्रेस ने शिवसेना (उद्धव) से दूरी बना ली है।

कांग्रेस तैयार कर रही आरोप पत्र : चेन्निथला ने कहा कि मुंबई कांग्रेस की ओर से मनपा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इसके साथ ही मुंबई कांग्रेस की ओर से मुंबई मनपा के भ्रष्टाचार और अनियमिता को लेकर आरोप पत्र तैयार किया जाएगा। चेन्निथला ने कहा कि मुंबई मनपा चुनाव में कांग्रेस की लड़ाई मुख्य भाजपा से होगी। क्योंकि भाजपा मुंबई में हिंदु और मुसलमानों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण ही चार साल बाद मुंबई मनपा चुनाव हो रहा है। मुंबई मनपा चुनाव के नतीजे के बाद सत्ता के लिए दोबारा महाविकास आघाड़ी के साथ जाने के सवाल पर चेन्निथला ने कहा कि परिणाम के बाद की बात बाद में करेंगे।

वीबीए से कांग्रेस करेगी चर्चा- वर्षा गायकवाड : मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने कहा कि हमने मनपा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है। लेकिन हम लोग अब भी चाहते हैं कि समान विचारधारा वाले दल साथ में लड़े। इसके लिए वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव यू बी वेंकटेश के नेतृत्व मुंबई कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चर्चा करेगा। गायकवाड ने कहा कि राष्ट्रीय समाज पार्टी (रासपा) के अध्यक्ष महादेव जानकर ने समर्थन का आश्वासन दिया है। इसके अलावा रिपब्लिकन दलों के अलग-अलग गुटों ने भी कांग्रेस को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुंबई में विवाद नहीं विकास चाहती है। इसलिए हम लोग मुंबई में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे।


Created On :   20 Dec 2025 7:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story