उपलब्धि: नागपुर की 6 महिला बाइकर्स बनीं क्वींस ऑन द व्हील, भोपाल में हुआ था समापन

नागपुर की 6 महिला बाइकर्स बनीं क्वींस ऑन द व्हील, भोपाल में हुआ था समापन
  • अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएसी-ऑलराउंडर्स का आयोजन
  • ऑल वुमेन बाइकिंग टूर में नागपुर की 6 महिला बाइकर्स

डिजिटल डेस्क, नागपुर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएसी-ऑलराउंडर्स, नागपुर द्वारा आयोजित ऑल वुमेन बाइकिंग टूर में नागपुर की 6 महिला बाइकर्स "क्वींस ऑन द व्हील' बनीं। 2 मार्च को शुरू हुए इस अभियान में इन महिलाओं ने "हार्ट ऑफ इंडिया' यानी मध्य प्रदेश की यात्रा की और वहां की समृद्ध विरासत स्थलों का दौरा किया, साथ ही विविध संस्कृति का अध्ययन किया और घने जंगलों के बीच यात्रा कर रोमांच और साहस की मिसाल कायम की। मध्य प्रदेश पर्यटन के सहयोग से आयोजित इस "क्वींस ऑन द व्हील' ट्रेल में नागपुर से राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विवि एमबीए कॉलेज की प्रो. बाइकर्स शिल्पा पुरी, फोटोग्राफर एलेसेंड्रा निर्वाण, पैरामेडिकल तकनीशियन रुचिका मेघे, आईआईएम छात्र आज्ञा जैन, प्राकृतिक चिकित्सक मैथिली सिंह और खेल प्रशिक्षक कंचनी यादव ने भाग लिया। इसके अलावा हैदराबाद, भुवनेश्वर, मुंबई, पुणे, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, देवास की 19 महिलाएं इस अभियान का हिस्सा बनीं। इन महिला बाइकर्स ने सांची, चंदेरी, कूनो, ग्वालियर, ओरछा, खजुराहो और भोपाल तक की 1440 किमी की यात्रा सिर्फ 8 दिनों में पूरी की। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को इस अभियान का समापन समारोह भोपाल में आयोजित किया गया। सीएसी-ऑलराउंडर्स के निदेशक अमोल खांटे ने बताया कि ट्रेल का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ सशक्त स्थान के रूप में प्रदर्शित करना था।

मार्गदर्शन के लिए "हेलो यशस्विनी'

‌वहीं उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून पर मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए नागपुर में महिलाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी महिला अघाड़ी की ओर से हेल्पलाइन "हेलो यशस्विनी- 9545759966' लॉन्च किया गया। इस हेल्पलाइन नंबर का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, राज्य के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। नितीन गडकरी ने कहा, "भाजपा महिला अघाड़ी द्वारा शुरू की गई हेल्पलाइन महिलाओं के लिए फायदेमंद होगी। महिलाओं के लिए शुरू की गई यह पहल सराहनीय है और शहर की महिलाओं को आत्म-विकास के लिए इसका लाभ उठाना चाहिए।' उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पहल की सराहना करते हुए कहा, "महिला अघाड़ी महानगर अध्यक्ष प्रगति पाटील सहित सभी सदस्यों ने केवल महिलाओं को इकट्ठा करके महिला दिवस का औपचारिक कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय महिलाओं के उत्थान के लिए एक हेल्पलाइन शुरू करके एक नया कदम उठाया है। भाजपा महिला अघाड़ी द्वारा शुरू की गई हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने के लिए 9545759966 नंबर डायल करना होगा। यह हेल्पलाइन सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चालू रहेगी। अगर महिलाएं कॉल करेंगी तो उनका नंबर रिकॉर्ड किया जाएगा और कॉल सेंटर से उनसे संपर्क किया जाएगा। महिला आघाड़ी की महानगर अध्यक्ष प्रगति पाटिल ने हैलो यशस्विनी हेल्पलाइन की अवधारणा को समझाया। उन्होंने कहा कि यह हर उस महिला के लिए हेल्पलाइन है जो जीवन में सफल होना चाहती है।

Created On :   9 March 2024 11:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story